
भोपाल। जिला मुख्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने मंगलवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं। इस दौरान कुल 117 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से कई समस्याओं का निराकरण मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर सिंह ने प्रत्येक आवेदक से धैर्यपूर्वक उनकी समस्या पर चर्चा की और आश्वस्त किया कि सभी मामलों का शीघ्र समाधान कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों से प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आवेदकों की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी निराकरण किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती इला तिवारी, एडीएम अंकुर मेश्राम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे और प्राप्त आवेदनों के निराकरण की प्रक्रिया में सहयोग किया।
