​सिंगरौली में मौसम का यू-टर्न: भीषण गर्मी के बीच आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से मिली राहत, पर बढ़ा नुकसान

सिंगरौली:जिले के ऊर्जाधानी क्षेत्र में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को गुरुवार की सुबह राहत तब मिली, जब करीब 10:15 बजे से तेज तूफान के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई। पिछले कुछ दिनों से लगातार बढ़ते तापमान के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था, ऐसे में मौसम का यह बदलाव लोगों के लिए राहत भरा साबित हुआ।
हालांकि तेज हवाओं ने नुकसान भी पहुंचाया है। क्षेत्र में कई जगह छोटे-छोटे पेड़-पौधों की डालियां टूटकर गिर गईं, वहीं जगह-जगह लगे कटआउट और होर्डिंग भी धराशायी हो गए।

रात में भी तेज आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई थी, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बना रहा। ग्रामीण इलाकों में कुछ स्थानों पर बिजली व्यवस्था भी प्रभावित होने की खबर है।
मौसम के इस बदले मिजाज का असर सामाजिक आयोजनों पर भी देखने को मिल रहा है। इन दिनों शादी-विवाह का सीजन चल रहा है, लेकिन तेज आंधी और बूंदाबांदी के चलते कई कार्यक्रम प्रभावित हो रहे हैं। खुले स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में अव्यवस्था की स्थिति बन रही है, जिससे आयोजकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग की ओर से फिलहाल ऐसे ही मौसम बने रहने के संकेत दिए जा रहे हैं, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Next Post

गंभीर जल संकट से जूझ रहे हैं वार्ड 68 के रहवासी

Thu Apr 30 , 2026
इंदौर: शहर के अधिकांश हिस्सों में लोग भीषण गर्मी और पानी की भारी किल्लत का सामना कर रहे हैं. जहां यशवंत सागर तालाब में जलस्तर घटने और नर्मदा पाइपलाइन में ड्रेनेज मिलने से जल संकट गहरा गया है. शहर के कई इलाकों में गंदे पानी की आपूर्ति, टैंकरों पर निर्भरता […]

You May Like

मनोरंजन