इंदौर: लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन का विकास कार्य लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुका है. जल्द ही यहां मौजूद पुरानी मास्टर बिल्डिंग को हटा दिया जाएगा. नई आधुनिक बिल्डिंग का निर्माण लगभग पूर्ण हो चुका है जिसमें सभी कार्यालयों को स्थानांतरित किया जाएगा.रेलवे अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि नई बिल्डिंग को आधुनिक सुविधाओं से लैस बनाया गया है. इसमें वीआईपी वेटिंग रूम, एसी वेटिंग रूम, पेयजल सुविधा और अन्य जरूरी यात्री सुविधाएं उपलब्ध होंगी.
इसके साथ ही रिटायरिंग रूम, ऑफिसर रूम और डॉरमेट्री जैसी व्यवस्थाएं भी बनाई जाएंगी. स्टेशन पर प्लेटफार्म व्यवस्था में भी बड़ा बदलाव किया जा रहा है. अभी बीच में स्थित प्लेटफार्म को नई व्यवस्था में सही स्थान पर शिफ्ट किया जाएगा. इसके बाद प्लेटफार्म नंबरों में भी बदलाव होगा- जो प्लेटफार्म नंबर 1 है वह नंबर 3 हो जाएगा, और जो पहले नंबर 3 था वह नंबर 1 बन जाएगा. वर्तमान में यहां 3 प्लेटफार्म हैं, लेकिन विकास कार्य पूरा होने के बाद इनकी संख्या बढ़कर 5 हो जाएगी. इससे ट्रेनों की आवाजाही और संचालन अधिक सुगम हो जाएगा. इसके अलावा, स्टेशन पर दो अलग-अलग लूप लाइन भी बनाई गई हैं, जिससे रेल ट्रैफिक को संभालना आसान होगा और संचालन अधिक व्यवस्थित रहेगा.
फुल लेंथ प्लेटफार्म होंगे
सभी प्लेटफार्म को लंबी ट्रेनों एलएचबी कोच के अनुसार तैयार किया जा रहा है और ये फुल लेंथ प्लेटफार्म होंगे. सभी प्लेटफार्म पर लगभग 6 लिफ्ट भी लगाई जाएंगी, जिससे यात्रियों को आने-जाने में सुविधा होगी.
आधुनिक स्टेशन बन जाएगा
रेलवे अधिकारी मनोज कुमार के अनुसार लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन का यह विकास कार्य पूरा होने के बाद यह एक आधुनिक और सुविधाजनक रेलवे स्टेशन बन जाएगा
