
रीवा।उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल के जन्मदिवस के अवसर पर जनपद पंचायत गंगेव के परिसर में भव्य समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने 6 करोड़ 10 लाख 60 हजार रूपये का निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया. इसमें जनपद पंचायत के 5.25 करोड़ की लागत से बन रहे भवन का भूमिपूजन तथा अटल सभागार का लोकार्पण भी शामिल था. इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता लोकतंत्र की आधार है. लोकतंत्र में जनता के मतों से चुनकर ही जनप्रतिनिधि को पद मिलता है. यह पद जनता की सेवा के लिए होता है. जनता की सेवा करना मेरा धर्म है. आमजनता ने पिछले 21 वर्षों से लगातार जो आशीर्वाद दिया है उसका मोल चुकाने के लिए मैं दिन रात विन्ध्य और रीवा के विकास का प्रयास कर रहा हूँ. विकास में विन्ध्य को लगातार उपेक्षा झेलनी पड़ी जब हमारी पार्टी की सरकार बनी तो प्रयास करके बाणसागर बाध का निर्माण कार्य पूरा कराया गया. इसकी नहरों ने विन्ध्य में विकास की नई इबारत लिख दी.
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 20 वर्षों में सडक़, बिजली, पानी, सिंचाई, खेती और अन्य क्षेत्रों में तेजी से विकास हुआ है. अब रीवा के सोलर प्लांट से दिल्ली की मेट्रो दौड़ रही है. फोरलेन सडक़े, फ्लाईओवर, सुंदर तालाब, रिवर फ्रंट सहित अनेक निर्माण कार्यों ने रीवा शहर को विकास के नये आयाम दिये हैं. मुकुन्दपुर में हमने सफेद बाघों को पुन: स्थापित किया. जनता के आशिर्वाद से रीवा और विन्ध्य को विकास की दौड़ ने अब्वल बनायेंगे. रीवा एयरपोर्ट से अक्टूबर माह से इंदौर और दिल्ली के लिए 72 सीटर हवाई जहाज चलेंगे. जनता ने हमें जो आशीर्वाद दिया है उसका मोल हम जनता की सेवा और विकास कार्यों के माध्यम से चुकायेंगे. समारोह में जनपद गंगेव के सदस्यों ने लड्डूओं से तौलकर उप मुख्यमंत्री का सम्मान किया तथा जन्मदिन की बधाई दी.
उपमुख्यमंत्री के प्रयासो से विंध्य का विकास हो रहा है: विधायक
समारोह में विधायक मनगवां नरेन्द्र प्रजापति ने कहा कि उप मुख्यमंत्री जी ने शालीनता और विकास के लिए प्रतिबद्धता से राजनीति की दिशा और दशा दोनों बदल दी. आपके प्रयासों से रीवा ही नहीं पूरे विन्ध्य का विकास हो रहा है. जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल ने उप मुख्यमंत्री को बघेली मंगल गीत सोहर गाकर जन्मदिन की बधाई दी. पूर्व महापौर वीरेन्द्र गुप्ता ने उप मुख्यमंत्री को बधाई देते हुए कहा कि उप मुख्यमंत्री ने विन्ध्य को विकास की नई ऊंचाई दी है. अब हर क्षेत्र में विन्ध्य तेजी से विकास कर रहा है. जनपद अध्यक्ष गंगेव विकास तिवारी ने उप मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि श्री शुक्ल के आशीर्वाद से गंगेव जनपद पंचायत में 113 किलो मीटर नई सडक़ों तथा 11 अटल सरोबरों का निर्माण किया जा रहा है. श्री तिवारी ने कहा कि आपके सहायोग और मार्गदर्शन में गंगेव हर क्षेत्र में विकास की ओर अग्रसर है. पूर्व विधायक श्यामलाल द्विवेदी तथा पूर्व विधायक केपी त्रिपाठी ने उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल को जन्मदिवस की बधाई देते हुए उनके द्वारा क्षेत्र में विकास में प्रयासों की विस्तार से जानकारी दी.
जगह-जगह उप मुख्यमंत्री का स्वागत
समारोह में पहुंचने से पहले उप मुख्यमंत्री का जगह-जगह स्वागत और अभिनंदन किया गया. जनपद अध्यक्ष गंगेव विकास तिवारी के नेतृत्व में मनगवां से बाइक रैली के साथ उप मुख्यमंत्री जी समारोह स्थल में पहुंचे. कार्यक्रम में सरपंच संघ, सचिव संघ तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि ने उप मुख्यमंत्री जी को जन्मदिन की बधाई दी. शिवपूजन तथा शिव आरती के माध्यम से भी उप मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी गयी. समारोह में जिला पंचायत सदस्य केडी शुक्ला, नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय, जगजीवनलाल तिवारी, राजेश पाण्डेय, जनपद गंगेव के सभी सदस्य, सरपंच तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे.
