
सिंगरौली। जिले के वन परिक्षेत्र कर्थुआ अंतर्गत वीट शेरवा के जंगल पिपरवान उत्तरी मार्ग तेंदुआ क्षेत्र में बीते तीन दिनों से भीषण आग लगी हुई है। आग की चपेट में आकर कीमती सागौन के पेड़ लगातार जल रहे हैं, जिससे वन संपदा को भारी नुकसान पहुंच रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार आग तेजी से फैलती जा रही है, लेकिन अब तक वन विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि धुआं और लपटें दूर से ही देखी जा सकती हैं, बावजूद इसके वन अमला मौके पर सक्रिय नजर नहीं आ रहा है। इससे क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया गया तो और अधिक क्षेत्र प्रभावित हो सकता है।
वन विभाग की लापरवाही के चलते पर्यावरण को नुकसान के साथ ही वन्यजीवों पर भी खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल आग बुझाने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
