
छतरपुर। ओरछा रोड थाना क्षेत्र के कैड़ी ब्रिज के पास बुधवार देर रात एक कार सड़क पर पड़े मृत जानवर से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार साहू परिवार के करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए, जबकि 10 वर्षीय राघव साहू की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया गया कि कार में चेतगिरी कॉलोनी निवासी साहू परिवार के लोग सवार थे। कैड़ी ब्रिज के पास अचानक सड़क पर पड़ा मृत जानवर कार के सामने आ गया। चालक जब तक वाहन को संभाल पाता, कार उससे टकराकर अनियंत्रित हो गई और सड़क पर पलट गई। हादसे में कार में सवार कई लोगों को चोटें आईं।
दुर्घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल 10 वर्षीय राघव साहू की मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
राघव साहू के शव का पोस्टमार्टम 13 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे जिला अस्पताल में कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की गई। हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
