इंदौर: शहर में एमआर-10 सड़क पर आईडीए ने सौ करोड़ रुपए की लागत से आईएसबीटी का निर्माण किया है. उक्त आईएसबीटी के रख रखाव और संधारण हेतु आईडीए ने 5वीं बार टेंडर निकाले थे. टेंडर में पुणे की डीवीजी इंडिया लिमिटेड कंपनी योग्यता में खरी पाई गई है. उक्त कंपनी वर्तमान में चेन्नई का बस स्टैंड संचालित कर रही है. आईडीए कंपनी को आईएसबीटी संचालन हेतु ठेका देने का निर्णय आगामी बोर्ड बैठक में होगा.आईडीए ने आईएसबीटी संचालन और संधारण के पांचवी बार टेंडर निकाले थे, जिसमें शर्तो में कई संशोधन किए गए थे.
10 मार्च टेंडर भरने के अंतिम तारीख थी. आईडीए द्वारा इस बार टेंडर में शर्त में बदलाव करने के बाद 2 कंपनियों ने टेंडर जमा किया था. एमआर 10 स्थित आईएसबीटी लीज टेंडर में इंदौर की कॉमथेन सिक्युरिटी सर्विसेज और डीवीजी इंडिया लिमिटेड पुणे भाग लिया है. दोनों कंपनियों के टेंडर 25 मार्च को तकनीकी परीक्षण के लिए खोले गए, जिसका आईडीए के इंजीनियर द्वारा गहन तकनीकी परीक्षण किया गया है. तकनीकी परीक्षण में पुणे की डीवीजी इंडिया लिमिटेड पूरी तरह से योग्य पाई गई है.
ऐसा लगता है इस बार आईडीए आईएसबीटी को ठेके पर देने में सफल हो सकता है. आईडीए द्वारा आर्थिक स्थिति के टेंडर खोले गए, जिसमें डीवीजी इंडिया लिमिटेड ने आईडीए द्वारा निर्धारित 4 करोड़ रुपए न्यूनतम लीज रेंट से 95 लाख 1 रुपया ज्यादा भरा है. दूसरी कंपनी कॉमथेन सिक्युरिटी सर्विसेज इंदौर का टेंडर निरस्त हो गया है, क्योंकि कंपनी के पास बस स्टैंड संचालन का अनुभव नहीं था. साथ ही तकनीकी परीक्षण में भी योग्य नहीं पाई गई है. ध्यान रहे कि पहले भी आईडीए के चौथी बार टेंडर में 3 कंपनियों ने भाग लिया था, लेकिन कार्यानुभव नहीं होने के कारण टेंडर निरस्त कर दिए थे, जिसमें भी आर्थिक बोली पर चर्चा नहीं हुई थी.
तकनीकी और ऑपरेशन में योग्य
आईडीए सीईओ डॉ परीक्षित झाड़े ने बताया कि आईएसबीटी के फाइनेंशियल बीड टेंडर में पुणे की डीवीजी इंडिया लिमिटेड कंपनी को टेंडर न्यूनतम दर से 95 लाख 1 रुपया ज्यादा आया है, उक्त कंपनी तकनीकी और ऑपरेशन दोनों में योग्य पाई गई है. कंपनी को आगामी बोर्ड बैठक में स्वीकृति का प्रस्ताव रखा जाएगा.
आईएसबीटी में है निम्न तरह से खास व्यवस्था
आईडीए ने 100 करोड़ की लागत से एमआर-10 कुमेड़ी में 15 एकड़ जमीन पर आईएसबीटी का निर्माण किया है। आईडीए ने पूर्णतः वातानुकूलित भव्य बस स्टैंड बनाया है। बस स्टैंड से एक दिन में 1440 बसों का आवागमन हो सकता है। बसों और उनके ड्राइवर कंडक्टर के ठहरने से लेकर रेस्त्रां तक की व्यवस्था की गई है। 40 से ज्यादा टर्मिनल और मेट्रो से कनेक्टिविटी तक दी गई है। साथ ही बस स्टेंड पर 38 दुकानें, 16 रेस्टोरेंट की जगह और पहलू मंजिल पर 25 से ज्यादा कंपनियों के ऑफिस संचालित करने की जगह भी है।
आईडीए ने रखी थी निम्न शर्ते
आईडीए ने पांचवी बार के टेंडर में 20 साल की लीज और 5 साल का एक्सटेंशन देने, 10 करोड़ रूपए सिक्युरिटी डिपाजिट, टेंडर में न्यूनतम 4 करोड़ रुपए और उस राशि का 1 प्रतिशत प्रति माह लीज रेंट,आवेदन में 10 लाख रुपए प्रतिभूति राशि जमा करने की शर्त रखी थी. साथ ही टेंडर में एक प्रतिशत लीज रेंट में हर साल 5 प्रतिशत राशि बढ़ोतरी की शर्त भी शामिल है
