माॅस्को, 21 अप्रैल (वार्ता) रूसी जनरल स्टाफ के प्रमुख वैलेरी गेरासिमोव ने मंगलवार को घोषणा की है कि रूसी सेना ने लुगांस्क पीपुल्स रिपब्लिक (एलपीआर) को पूरी तरह से मुक्त करा लिया है। श्री गेरासिमोव ने कहा कि लुगांस्क पीपुल्स रिपब्लिक की मुक्ति का कार्य पूरी तरह संपन्न हो चुका है। इस समय रूसी सेना सभी मोर्चों पर तेजी से आगे बढ़ रही हैं और उनका अभियान जारी है। गौरतलब है कि लुगांस्क पीपुल्स रिपब्लिक (एलपीआर) यूक्रेन के लुहान्स्क क्षेत्र में एक स्वघोषित अलगाववादी क्षेत्र है। हालांकि संयुक्त राष्ट्र समेत अधिकांश देश इसे यूक्रेन का ही हिस्सा मानते हैं।
रूसी सैन्य प्रमुख ने यूक्रेनी कमान पर निशाना साधते हुए कहा कि वे फरवरी और मार्च में अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए सूचना अभियान चला रहे हैं। यूक्रेन की ओर से 480 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र पर फिर से कब्जा करने का दावा किया जा रहा है, जो सच्चाई छिपाने की कोशिश मात्र है। इससे पहले श्री गेरासिमोव ने रूसी सेना के समूह ‘युग’ (दक्षिण) के मोर्चों का दौरा कर सैन्य अभियानों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने वहां यूनिट कमांडरों से अभियान के परिणामों पर रिपोर्ट भी ली। श्री गेरासिमोव के अनुसार, रूसी सेना की बढ़त को रोकने के लिए यूक्रेन ने फरवरी और मार्च में 170 से अधिक असफल जवाबी हमले किए, जिनमें उसे 3,000 से अधिक सैनिकों का नुकसान उठाना पड़ा।

