अंतिम संस्कार में जा रहे व्यक्ति की सिटी बस से गिरकर मौत

इंदौर। शहर की बेलगाम भागती सिटी बसों की लापरवाही ने एक और हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। खजराना थाना क्षेत्र के मायापुरी में रहने वाले एक व्यक्ति की सिटी बस से गिरने के कारण मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब मृतक अपनी मां और भाई के साथ एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे।

बताते है कि मायापुरी कॉलोनी निवासी राजकुमार पिता सुरेश (45) अपने भाई पप्पू और मां के साथ नेमावर रोड स्थित बायग्राम जा रहे थे। उन्हें रिंग रोड स्थित नोबल पब्लिक स्कूल से तीन इमली चौराहे तक जाना था। भाई पप्पू ने बताया कि बस पहले से ही सवारियों से खचाखच भरी हुई थी। जैसे ही वे बस में चढ़े, कंडक्टर ने गेट पर ही टिकट के पैसे मांगना शुरू कर दिए। राजकुमार खुले पैसे निकालने के लिए गेट के पास ही रुके थे।इसी दौरान बस चालक ने बस को तेज गति से आगे बढ़ाया, जिससे एक जोरदार झटका लगा। गेट पर खड़े राजकुमार अपना संतुलन नहीं बना पाए और सीधे चलती बस से सिर के बल नीचे सड़क पर गिर पड़े। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही काफी खून बह गया।हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। भाई पप्पू ने आरोप लगाया कि चालक ने बस रोकी तो सही, लेकिन मदद करने के बजाय पप्पू के हाथ में 200 रुपए थमा दिए और कहा कि ‘रिक्शा करके इन्हें एमवाय अस्पताल ले जाओ’ और खुद बस लेकर मौके से भाग निकला। परिजन आनन-फानन में राजकुमार को एमवाय अस्पताल लेकर पहुँचे, जहाँ डॉक्टरों ने बताया कि सिर की नस फटने के कारण उनकी मृत्यु हो गई।मृतक राजकुमार पेशे से मिस्त्री थे और किराए के मकान में रहकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। उनके दो बेटे और एक अविवाहित बेटी है। खजराना पुलिस ने मर्ग कायम कर सिटी बस के नंबर के आधार पर लापरवाह ड्राइवर और कंडक्टर की तलाश शुरू कर दी है।

Next Post

डेरी से चुराई भैंसे जंगल में छिपाई, चोर पकड़ाए

Sat Feb 7 , 2026
जबलपुर। तिलवारा पुलिस ने भैस चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए चोरों ने डेरी से भैंसे चुराने के बाद जंगल मेें छिपा दी थी। टीआई ब्रजेश मिश्रा ने बताया कि संदीप कुमार चक्रवर्ती 23 वर्ष निवासी ग्राम देवरी खुलरी ने सूचना दी कि वह गांव में ही दूध […]

You May Like