
भोपाल। सेंट मेरी कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, भोपाल में गुरुवार को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए सीनियर स्टूडेंट कैबिनेट का गठन किया गया। आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में प्राचार्या मारिया जगताप ने नव-निर्वाचित छात्र पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई तथा उन्हें अनुशासन, ईमानदारी और सेवा भाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संदेश दिया।
नवगठित छात्र परिषद में मेहक उपाध्याय को अध्यक्ष तथा देविका कोसारकर को प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया। अनुष्का सिरिया और विक्रांत शर्मा को उप-प्रधानमंत्री तथा वरुणवी नायडू को सारथी समन्वयक बनाया गया।
इसके अलावा गांधी, नेहरू और टैगोर हाउस के कप्तान एवं उप-कप्तानों के साथ अकादमिक, सांस्कृतिक, अनुशासन, अंग्रेजी भाषा, स्वास्थ्य एवं वेलनेस, आध्यात्मिक तथा खेल समितियों के पदाधिकारियों को भी जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
समारोह को संबोधित करते हुए प्राचार्या मारिया जगताप ने विश्वास व्यक्त किया कि नई छात्र कैबिनेट विद्यालय में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सहभागिता की भावना को मजबूत करेगी। छात्र परिषद की अध्यक्ष मेहक उपाध्याय ने पूरी निष्ठा, ईमानदारी और टीम भावना के साथ अपने दायित्व निभाने का संकल्प व्यक्त किया। विद्यालय के शिक्षकों ने सभी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
