मुंबई, 19 नवंबर (वार्ता) विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) के भारतीय पूंजी बाजार में लिवाल बने रहने से अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में गुरुवार को रुपया नौ पैसे मजबूत हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 93.33 रुपये का बोला गया।
भारतीय मुद्रा पिछले कारोबारी दिवस पर 93.42 रुपये प्रति डॉलर पर रही थी। गत कुछ दिनों से इसमें तेजी बनी हुई है।
रुपया आज दो पैसे चढ़कर 93.40 प्रति डॉलर पर खुला। इसमें आज काफी उतार-चढ़ा देखा गया। यह नीचे 93.55 रुपये और ऊपर 93.17 रुपये प्रति डॉलर को छूने के बाद अंत में 93.33 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
एफपीआई ने आज 83.19 करोड़ डॉलर का शुद्ध निवेश किया। इससे भारतीय मुद्रा में तेजी बरकरार रही। दूसरी तरफ, कच्चे तेल में तेजी से रुपये पर दबाव रहा और इसकी बढ़त सीमित रही। लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा एक प्रतिशत से अधिक की मजबूती के साथ 93 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया। वहीं, दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक में नरमी से भारतीय मुद्रा को समर्थन मिला।
