
पिपलियामंडी। खेत में जंगली जानवरों से फसल की सुरक्षा के लिए झटका मशीन बेचने का विज्ञापन इंस्टाग्राम पर देखकर एक युवक ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गया। आरोपी ने मशीन भेजने के नाम पर युवक से 29,600 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए, लेकिन राशि मिलने के बाद न तो मशीन भेजी और न ही फोन उठाया। पुलिस ने साइबर शिकायत की जांच के बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार फरियादी मनोज (23) पिता नंदकिशोर पाटीदार, निवासी बालागुढ़ा को इंस्टाग्राम पर खेतों में जानवरों से फसल की सुरक्षा के लिए उपयोग होने वाली झटका मशीन बिक्री का विज्ञापन दिखाई दिया था। फरियादी ने विज्ञापन में दिए गए लिंक पर क्लिक कर व्हाट्सएप के माध्यम से मोबाइल नंबर 8153390630 पर संपर्क किया। बातचीत के बाद फरियादी ने पेटीएम के माध्यम से 29,600 रुपए संबंधित व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर कर दिए। राशि भेजने के बाद फरियादी ने मशीन भेजने के संबंध में संबंधित मोबाइल नंबर धारक से संपर्क किया तो वह टालमटोल करने लगा। बाद में उसने फोन उठाना भी बंद कर दिया। इसके बाद फरियादी ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई। मामले में थाना पिपलियामंडी ने मोबाइल नंबर 8153390630 के अज्ञात धारक के विरुद्ध धारा 318(4) के तहत केस दर्ज किया।
