99 किलो से अधिक डोडाचूरा जब्त, तीन तस्कर गिरफ्तार, बिना नंबर की क्रेटा कार से 75 किलो और दो युवकों के बैग से 24 किलो से अधिक डोडाचूरा बरामद

पिपलियामंडी। अलग-अलग 99 किलो 70 ग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नारायणगढ़ पुलिस ने बिना नंबर की सफेद हुंडई क्रेटा कार से 75 किलो डोडाचूरा बरामद किया, वहीं पिपलियामंडी पुलिस ने दो युवकों के पिठ्ठू बैग से 24 किलो 70 ग्राम पिसा हुआ डोडाचूरा जब्त किया। दोनों कार्रवाइयों में पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार, तीन मोबाइल फोन और अन्य सामग्री भी जब्त की है। नारयणगढ़ टीआई राजेन्द्रकुमार पंवार ने बताया नारायणगढ़ को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति सफेद रंग की बिना नंबर की हुंडई क्रेटा कार में डोडाचूरा भरकर मंदसौर से पिपलियामंडी और नारायणगढ़ होते हुए मनासा की ओर किसी अन्य तस्कर को देने जाने वाला है। सूचना पर पलिस ने बरखेड़ा वीरपुरिया फंटा स्थित सगस बावजी मंदिर के पास घेराबंदी की।

इसी दौरान पिपलियामंडी की ओर से एक सफेद क्रेटा कार आती दिखाई दी। कार के आगे और पीछे नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पुलिस ने कार को रोकने का इशारा किया तो चालक पुलिस को देखकर कार वापस घुमाने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम दशरथ (46) पिता रामनिवास पाटीदार, निवासी आकोदड़ा, जिला मंदसौर बताया। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो डिक्की में काले रंग के तीन प्लास्टिक के कट्टे से 75 किलो डोडाचूरा पाया गया। आरोपी को गुरुवार को एनडीपीएस एक्ट कोर्ट में पेश किया, जहां से तीन दिन पुलिस रिमाण्ड पर सौंपने के आदेश हुए। वहीं दूसरी कार्रवाई में पिपलियामंडी पुलिस को भ्रमण के दौरान चौपाटी से सर्विस रोड होते हुए मिनाक्षी होटल की ओर जाते समय एमपीईबी ग्रीड की तरफ से दो युवक पीठ पर पिठ्ठू बैग लटकाकर आते दिखाई दिए। पिपलियामंडी टीआई विक्रमसिंह इवने ने बताया पुलिस को देखकर दोनों युवक ग्रीड बालाजी मंदिर की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान प्रेमदास (30) पिता राजुदास साद, विरेन्द्र (22) पिता पुखाराम लौहार, निवासी ग्राम तापू, थाना ओसियां, जिला जोधपुर राजस्थान के रूप में हुई। तलाशी के दौरान प्रेमदास के बैग से 9 किलो 280 ग्राम तथा विरेन्द्र के बैग से 14 किलो 790 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। इस प्रकार दोनों के कब्जे से कुल 24 किलो 70 ग्राम डोडाचूरा जब्त किया गया। दोनों मामलों में पुलिस ने कुल 99 किलो 70 ग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त, सप्लाई के नेटवर्क और तस्करी में शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

Next Post

30 सेकंड की रील युवाओं के दिमाग को कर रही कंट्रोल

Thu Nov 19 , 2026
बड़वानी, मोबाइल पर लगातार स्क्रॉलिंग से ध्यान घट रहा है और सोचने-समझने पर असर पड़ रहा है। मोबाइल में बदलते वीडियो युवाओं की दिनचर्या का हिस्सा बन चुके हैं। 15 से 30 सेकंड की रील देखने के लिए युवा घंटों सोशल मीडिया पर समय बिताते हैं। लगातार छोटे वीडियो देखने […]

You May Like

मनोरंजन