इंदौर: पलासिया चौराहे पर ट्रैफिक के बीच अचानक गोरिल्ला पहुंचा तो वाहन चालकों के साथ पैदल चल रहे लोगों की नजर भी उस पर टिक गई. यह कोई तमाशा नहीं, बल्कि यातायात पुलिस की जागरूकता मुहिम का हिस्सा था. गोरिल्ला ने इशारों से वाहन चालकों को नियम समझाए और जेब्रा क्रॉसिंग पर खड़े वाहनों को पीछे करवाया.यातायात पुलिस और एनसीसी कैडेट्स की मौजूदगी में गोरिल्ला कैरेक्टर ने चौराहे पर वाहन चालकों को जेब्रा क्रॉसिंग और स्टॉप लाइन का महत्व समझाया.
जेब्रा क्रॉसिंग पर वाहन खड़े करने वाले कई चालकों ने गोरिल्ला के इशारे के बाद अपने वाहन स्टॉप लाइन के पीछे कर लिए. रॉन्ग साइड से आने वाले वाहन चालकों को भी इसी तरह सही दिशा में जाने का संदेश दिया. गोरिल्ला को सामने देखकर कई वाहन चालकों ने अपने वाहन की दिशा बदल ली. दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट और कार चालकों को सीट बेल्ट लगाने के लिए भी इशारों के जरिए समझाया. जागरूकता के साथ गोरिल्ला ने पैदल यात्रियों और बुजुर्गों को सड़क पार कराने में भी मदद की.
चौराहे पर हाथों के इशारों से वाहनों को रोकने और चलने का संकेत देकर यातायात व्यवस्था में भी सहयोग किया. बच्चों और वाहन चालकों के लिए गोरिल्ला आकर्षण का केंद्र बना रहा. पुलिस का मानना है कि यातायात नियमों को केवल चालान या कार्रवाई के जरिए लागू कराने के बजाय लोगों तक सहज और मनोरंजक तरीके से सुरक्षा का संदेश पहुंचाना भी जरूरी है. इसी उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा अलग अलग तरह के जागरूकता कार्यक्रम किए जा रहे हैं
