जबलपुर: पिछले दिनों जिले में बदल रहे मौसम से किसानों को हैरान करके रखा हुआ है। अचानक बदलते मौसम के कारण कभी-कभी बारिश आने की संभावना ही बढ़ जाती है,और कुछ क्षेत्र में बूंदाबांदी भी पिछले दिनों हुई है। कभी दिन में तेज धूप तो कभी अचानक बादलों का डेरा जम जाता है। वहीं इसके अलावा तेज आंधी तूफान चलने के कारण भी फसलें लहराते हुए गिर रही हैं,जिससे किसान काफी परेशान हो रहे हैं।
वहीं दूसरी तरफ किसानों की फसलें कटकर रखी हुई हैं, अगर मौसम बदलने से बारिश हुई तो रखी हुई फसल भी भीग सकती है। उल्लेखनीय है कि समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी जिले में पूरी तरह से शुरू नहीं हुई है, वहीं लगातार 2 दिन की छुट्टियों के कारण केंद्रों पर भी फसल नहीं पहुंचाई जा सकती है। इसके अलावा कुछ जगह पर फसलें तैयार हो चुकी हैं, लेकिन उनकी कटाई नहीं हुई है, अगर बारिश होती है तो दोनों ही फसलों को नुकसान होने की संभावना बनी हुई है।
कई जगहों पर कटाई जारी
गर्मी की शुरुआत आते ही फसलों की कटाई तो शुरू हो गई है, लेकिन अगर कटाई के पहले ही मौसम में बदलाव आता है,तो किसान परेशान हो सकते हैं और फसलों को नुकसान भी हो सकता है। दूसरी तरफ कटाई करके रखी फसलें भी बारिश में भीगने के कारण बर्बाद हो सकती हैं। इसके अलावा अंधड़ चलने के कारण खड़ी फसल गिर सकती है। वहीं अगर बारिश हुई तो तैयार खड़ी हुई फसल और खेत गीले हो जाने के कारण फसलों की कटाई में और देरी लग सकती है।
गर्मी के सीजन में अचानक बदले मौसम में अगर आगे चलकर तेज बारिश होती है तो किसानों को बड़ा नुकसान हो सकता है,क्योंकि तेज बारिश के कारण खेतों में खड़ी फसल बिछ जाती है। जिससे कटाई के बाद उन सभी फसलों में मिट्टी और कचरा जाता है। जिससे किसानों को अपनी फसल का उचित दाम भी नहीं मिल पाता है और उनको भारी नुकसान होता है। वहीं दूसरी ओर जिन किसानों की फसलें कट के रखी हुई हैं,बारिश होती है तो फ़सल गीले होने की संभावना है