बगदाद, 19 जुलाई (वार्ता/शिन्हुआ) इराकी अधिकारियों ने शुक्रवार को कहा कि उनके कई सैन्य रडार स्थलों पर हाल ही में हुए ड्रोन हमलों में शामिल संस्थाओं की पहचान कर ली गई है हालांकि उन्होंने कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी
इराकी सेना के कमांडर-इन-चीफ के प्रवक्ता सबा अल-नुमान ने एक बयान में कहा कि हमलों में उपयोग किए गए ड्रोन इराक के बाहर बनाए गए थे और इराकी क्षेत्र में विशिष्ट स्थानों से प्रक्षेपित किए गए थे।
बयान में कहा गया कि इन शत्रुतापूर्ण कार्रवाइयों की योजना बनाने और उन्हें अंजाम देने में शामिल संस्थाओं की भी पहचान कर ली गई है हालांकि इस संदर्भ में कोई और स्पष्टीकरण नहीं दिया गया। प्रवक्ता के अनुसार, इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि 24 जून को कई आत्मघाती ड्रोनों द्वारा बगदाद के उत्तर में कैंप ताजी और धी क़ार प्रांत में इमाम अली बेस पर हमला किया गया जिससे दोनों बेसों की रडार प्रणालियां नष्ट हो गयी जबकि इराकी बलों ने विभिन्न स्थानों पर चार अतिरिक्त ठिकानों पर हमलों के अन्य प्रयासों को विफल कर दिया।
