वाशिंगटन, 10 नवंबर (वार्ता) अमेरिका के रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी ने रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग चलाने का प्रस्ताव पेश किया है। उन्होंने ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान, मादक पदार्थों की तस्करी के संदेह में जहाजों पर हमले और अमेरिकी कानूनों तथा संविधान के कथित उल्लंघन को लेकर हेगसेथ पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ‘पीटर ब्रायन हेगसेथ, रक्षा मंत्री को गंभीर अपराधों और दुराचार के लिए पद से हटाने’ शीर्षक वाले इस प्रस्ताव में महाभियोग के आठ आधार बताए गए हैं। इनमें पद का दुरुपयोग, संवैधानिक प्रावधानों का उल्लंघन, गैरकानूनी सैन्य अभियानों का आदेश देना और कानून के शासन को कमजोर करना शामिल है।
प्रतिनिधि सभा में प्रस्ताव पढ़ते हुए श्री मैसी ने रक्षा मंत्री को संविधान के लिए खतरा बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि श्री हेगसेथ ने गैरकानूनी सैन्य आदेश जारी किए और ऐसा आचरण किया, जो उनके पद की जिम्मेदारियों के पूरी तरह विपरीत है।प्रस्ताव में श्री हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग चलाने, उन पर मुकदमा चलाने, उन्हें पद से हटाने और अमेरिका में किसी भी सम्मानजनक, भरोसेमंद या लाभ वाले सरकारी पद पर भविष्य में नियुक्ति के लिए अयोग्य घोषित करने की मांग की गई है। इसमें आरोप लगाया गया है कि उन्होंने 1973 के युद्ध शक्तियां प्रस्ताव की धारा 2(सी) का उल्लंघन करते हुए गैरकानूनी सैन्य आदेशों को लागू किया।
प्रस्ताव में लगाए गए प्रमुख आरोपों में से एक ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य अभियान से संबंधित है। मैसी का आरोप है कि यह अभियान कांग्रेस की मंजूरी के बिना शुरू किया गया। प्रस्ताव में कहा गया है कि अमेरिकी कांग्रेस ने न तो ईरान के इस्लामी गणराज्य के खिलाफ युद्ध की घोषणा की थी और न ही वहां अमेरिकी सशस्त्र बलों को सैन्य संघर्ष में उतारने के लिए कोई विशेष कानूनी मंजूरी दी थी। अपने तर्क के समर्थन में प्रस्ताव में राष्ट्रीय आतंकवाद निरोधक केंद्र के पूर्व निदेशक जो केंट का हवाला दिया गया है। श्री केंट ने मार्च में अपने पद से इस्तीफा देते हुए कहा था कि ईरान से अमेरिका को कोई तत्काल खतरा नहीं था। श्री मैसी ने हेगसेथ पर कांग्रेस की ओर से अमेरिकी सैनिकों को ईरान से वापस बुलाने के प्रयासों के बावजूद सैन्य अभियान जारी रखने का भी आरोप लगाया है।
एक अन्य गंभीर आरोप ईरान के मिनाब स्थित शाजरेह तैयबेह प्राथमिक विद्यालय पर अमेरिकी सैन्य हमले से जुड़ा है। इस हमले में कथित तौर पर 150 से अधिक बच्चों की मौत हुई थी। प्रस्ताव में हेगसेथ के विवादित बयानों का भी उल्लेख किया गया है। इनमें ‘कानूनी औपचारिकताओं के बजाय अधिकतम घातक कार्रवाई’ और ‘हम मूर्खतापूर्ण युद्ध नियमों के साथ नहीं लड़ते’ जैसे बयान शामिल हैं। श्री मैसी ने इन्हें सैन्य अभियानों पर लागू कानूनी प्रतिबंधों की अनदेखी का प्रमाण बताया है। महाभियोग प्रस्ताव में कैरेबियाई सागर और पूर्वी प्रशांत महासागर में मादक पदार्थों की तस्करी के संदेह वाले जहाजों पर अमेरिकी सैन्य हमलों को भी निशाना बनाया गया है। इसमें आरोप लगाया गया है कि इन अभियानों में कम से कम 221 लोगों की मौत हुई।
श्री मैसी ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को पकड़ने के लिए चलाए गए सैन्य अभियान पर भी सवाल उठाए हैं। प्रस्ताव में आरोप लगाया गया है कि श्री हेगसेथ ने ‘ऑपरेशन एब्सोल्यूट रिजॉल्व’ का निर्देश दिया था। इसे वेनेजुएला के तेल संसाधनों पर नियंत्रण हासिल करने के उद्देश्य से की गई गैरकानूनी सैन्य कार्रवाई बताया गया है। यमन में ‘ऑपरेशन रफ राइडर’ के तहत चलाया गया सैन्य अभियान भी महाभियोग प्रस्ताव का एक प्रमुख आधार है। इसमें आरोप लगाया गया है कि इस अभियान के दौरान 1,100 से अधिक हवाई हमले किए गए, जिनमें करीब 224 नागरिकों और 500 से 600 हूती लड़ाकों की मौत हुई। लीक हुई सिग्नल बातचीत का हवाला देते हुए प्रस्ताव में श्री हेगसेथ के इस बयान का उल्लेख किया गया है कि ‘हम आसानी से रोक सकते हैं।’
श्री मैसी ने श्री हेगसेथ से जनवरी में डेमोक्रेट के कांग्रेस का नियंत्रण संभालने से पहले इस्तीफा देने की मांग की है। उन्होंने सभी दलों के सांसदों से महाभियोग प्रस्ताव का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव पढ़ा है या नहीं, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता, वह कांग्रेस के सभी सदस्यों का समर्थन स्वीकार करेंगे। श्री हेगसेथ ने आलोचनाओं को खारिज कर दिया है और प्रशासन की सैन्य कार्रवाइयों का बचाव करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि यदि ट्रंप प्रशासन की सैन्य कार्रवाइयों पर कानूनी बहस करनी है तो वह इसके लिए पूरे दिन तैयार हैं।

