ट्रैफिक हेल्पलाइन पर पांच दिन में आईं 47 शिकायतें, 45 का निराकरण

इंदौर. शहर में यातायात संबंधी समस्याओं को लेकर नागरिकों की शिकायतों पर यातायात पुलिस तुरंत कार्रवाई की जा रही है. पिछले पांच दिनों में ट्रैफिक हेल्पलाइन पर मिली 47 शिकायतों में से 45 का निराकरण कर दिया गया, जबकि दो शिकायतों पर कार्रवाई जारी है. वहीं, इंदौर ट्रैफिक साथी ऐप के माध्यम से सात दिनों में मिलीं सभी 33 शिकायतों का तुरंत समाधान किया गया है.

ट्रैफिक हेल्पलाइन पर 5 से 9 नवंबर के बीच मिली शिकायतों में सबसे ज्यादा 30 शिकायतें नो पार्किंग और अवैध पार्किंग से संबंधित थीं. इसके अलावा यातायात बाधित होने की 11, नगर निगम से संबंधित एक और अन्य समस्याओं की पांच शिकायतें मिलीं. हेल्पलाइन शुरू होने से 9 नवंबर 2026 तक 4,838 शिकायतें मिली थी, जिनमें से 4,811 का निराकरण किया जा चुका है, शेष 27 शिकायतें प्रक्रियाधीन हैं. इसी तरह 3 से 9 नवंबर के बीच इंदौर ट्रैफिक साथी ऐप पर 33 शिकायतें मिलीं है. इनमें नो पार्किंग, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग, बिना हेलमेट वाहन चलाना, गलत दिशा में वाहन चलाना, तीन सवारी बैठाना, काली फिल्म और नंबर प्लेट संबंधी अनियमितताओं की शिकायतें शामिल थीं. यातायात पुलिस ने सभी शिकायतों का निराकरण कर दिया गया है. ऐप के माध्यम से अब तक 2,001 शिकायतें मिली हैं. इनमें से 1,676 का निराकरण किया, जबकि 325 शिकायतें नगरीय क्षेत्र इंदौर के बाहर की थीं. यातायात डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि नागरिकों की यातायात संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए हेल्पलाइन और ट्रैफिक साथी ऐप के माध्यम से लगातार शिकायतें प्राप्त की जा रही हैं. शिकायतों पर संबंधित टीमों को मौके पर भेजकर तुरंत कार्रवाई और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाने के निर्देश दिए हैं.

मौके पर पहुंचकर हटवाते हैं वाहन…

शिकायत मिलने पर यातायात पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारू कराती हैं. नो पार्किंग में खड़े वाहनों के मालिकों से संपर्क कर वाहन हटवाए जाते हैं. जरूरत पड़ने पर क्रेन और व्हील लॉक की मदद ली जाती है. यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की जाती है. जाम की सूचना मिलने पर संबंधित जोन की टीम और थाना पुलिस की बीट मौके पर पहुंचकर व्यवस्था संभालती है.

Next Post

मोरपेन की प्रेसक्रिप्शन जेनेरिक दवा डेस्लोराटाडीन को अमेरिकी बाजार में ले जाने की घोषणा

Tue Nov 10 , 2026
नयी दिल्ली, 09 नवंबर (वार्ता) भारतीय दवा कंपनी मोरपेन लेबोरेटरीज ने मौसमी और मियादी एलर्जी की अपनी जेनेरिक दवा डेस्लोराटाडीन को पांच मिलीग्राम की टैबलेट्स के रूप में अमेरिकी औषधि बाजार में ले जाने की मंगलवार को घोषणा की। यह वहां बिकने वाली कंपनी की पहली जेनेरिक ( सामान्य) श्रेणी […]

You May Like