
टीकमगढ़। जिले के जतारा थाने में गुरुवार को एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आत्महत्या का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि वह प्लास्टिक की बोतल में पेट्रोल भरकर थाने पहुंचा था। उसकी नाराजगी इस बात को लेकर थी कि उसके साथ और उसके परिजनों के साथ हुई कथित मारपीट की शिकायत पुलिस द्वारा दर्ज नहीं की गई।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित का आरोप है कि गांव के कुछ दबंगों ने उसके और उसके परिवार के साथ मारपीट की थी। वह बुधवार से न्याय के लिए पुलिस के चक्कर लगा रहा था, लेकिन उसका कहना है कि चंदेरा थाने में पूरे दिन शिकायत दर्ज नहीं की गई। इसके बाद गुरुवार को वह अपनी शिकायत लेकर जतारा थाने पहुंचा, जहां उसने पेट्रोल छिड़ककर आत्महत्या का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया।
