भोपाल। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ राज्यव्यापी सख्त अभियान के तहत मध्यप्रदेश पुलिस ने तस्करी, भंडारण और बिक्री पर शिकंजा कसते हुए बीते एक सप्ताह में 2.29 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ और वाहनों को जब्त किया है तथा कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
भोपाल में अयोध्या नगर पुलिस ने ओडिशा से गांजा लाकर स्कूल, कॉलेज और झुग्गी बस्तियों में सप्लाई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो महिलाओं सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया और 6 किलो से अधिक गांजा बरामद किया। नीमच में पुलिस ने एक ट्रक से 6 क्विंटल से अधिक डोडाचूरा जब्त किया, जिसकी कीमत 1 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। मंदसौर में भी इसी तरह की कार्रवाई में एक क्विंटल से अधिक मादक पदार्थ बरामद हुआ।
भिंड में पुलिस ने बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए 138 किलो गांजा जब्त किया, जबकि शहडोल में एक दुर्घटनाग्रस्त वाहन से करीब 200 किलो गांजा बरामद हुआ। जबलपुर और इंदौर में भी पुलिस ने महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए महंगे एमडी ड्रग्स समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। आम नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है।
