सिंगरौली। जिले के श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर, सत्संग नगर दुधमनिया में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 20 अप्रैल अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर कन्या विवाह एवं सामूहिक व्रतबंध संस्कार का भव्य आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के श्रद्धालुओं एवं गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।कार्यक्रम के दौरान सुप्रसिद्ध विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य कन्या विवाह एवं सामूहिक व्रतबंध संस्कार विधिवत संपन्न कराए गए। इस अवसर पर मऊगंज जिले के 45 वर्षीय सूरदास बटुक सहित कुल सात ब्राह्मण बटुकों का उपनयन संस्कार पूर्ण विधि-विधान से कराया गया। संपूर्ण आयोजन में धार्मिक गरिमा एवं पारंपरिक मान्यताओं का विशेष ध्यान रखा गया।मंदिर के संस्थापक गुंजारी लाल तिवारी द्वारा कार्यक्रम से लगभग एक सप्ताह पूर्व पंपलेट जारी कर सामूहिक व्रतबंध हेतु लोगों से पंजीकरण कराने का आग्रह किया गया था। इसके परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता सुनिश्चित की।इस पुनीत आयोजन की विशेषता यह रही कि व्रतबंध संस्कार का संपूर्ण खर्च मंदिर के संस्थापक गुंजारी लाल तिवारी ने स्वयं वहन किया। उनके इस सामाजिक एवं धार्मिक योगदान की क्षेत्र में व्यापक सराहना की जा रही है कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में उपस्थित सभी अतिथियों के लिए सुव्यवस्थित एवं भव्य व्यवस्थाएं की गईं। सामूहिक व्रतबंध एवं कन्या विवाह के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं के लिए उत्तम जलपान एवं भोजन की व्यवस्था गुंजारी लाल तिवारी के द्वारा सुनिश्चित की गई थी यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि समाज सेवा, सहयोग एवं सामूहिकता की भावना को सुदृढ़ करने वाला भी सिद्ध हुआ।
