नयी दिल्ली, 20 अप्रैल (वार्ता) हॉकी इंडिया ने सोमवार को आगामी सीनियर पुरुष राष्ट्रीय कोचिंग शिविर के लिए 36-सदस्यीय संभावित खिलाड़ियों के मुख्य समूह की घोषणा की। यह शिविर 20 अप्रैल से 9 मई तक बेंगलुरु में भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) केंद्र में आयोजित किया जाएगा। इस प्रशिक्षिण शिविर का मुख्य फोकस रणनीतिक तालमेल, फिटनेस और मैच-सिमुलेशन सत्रों पर होगा। टीम का लक्ष्य एक व्यस्त अंतरराष्ट्रीय सत्र से पहले अपनी तैयारियों को और बेहतर बनाना है। इस अंतरराष्ट्रीय सत्र में एफआईएच प्रो लीग 2025-26 का यूरोपीय चरण, विश्व कप और एशियाई खेल शामिल हैं। इसके अलावा, टीम अपनी लय बनाने, आपसी तालमेल को निखारने और सभी विभागों में अपनी बेंच स्ट्रेंथ (खिलाड़ियों की गहराई) को मजबूत करने पर भी ध्यान देगी।
गोलकीपिंग यूनिट में अनुभवी कृष्ण बहादुर पाठक, सूरज करकेरा और पवन प्रमुख हैं। इनके साथ-साथ मोहित होन्नेनहल्ली शशिकुमार और प्रिंसदीप सिंह जैसी उभरती हुई प्रतिभाएं भी मौजूद हैं। रक्षा पंक्ति (डिफेंस) में, टीम की कमान हरमनप्रीत सिंह और अमित रोहिदास जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के हाथों में होगी। इन्हें जरमनप्रीत सिंह, जुगराज सिंह, संजय, सुमित और खिलाड़ियों के एक होनहार समूह का समर्थन मिलेगा, जिसमें पूवन्ना चंदुरा बॉबी, यशदीप सिवाच, नीलम संजीप जेस और अमनदीप लाकरा हैं।
मिडफील्ड में अनुभव और युवा जोश का एक बेहतरीन मिश्रण देखने को मिलेगा, इसमें मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह और विवेक सागर प्रसाद टीम की अगुवाई करेंगे। इनके साथ राजिंदर सिंह, मनमीत सिंह, मोइरंगथेम रबिचंद्र सिंह, विष्णु कांत सिंह, राज कुमार पाल, नीलाकांत शर्मा और रोशन कुजूर भी शामिल होंगे।
फॉरवर्ड लाइन में अनुभवी खिलाड़ियों और उभरते सितारों का एक रोमांचक मिश्रण है, जिसमें मनदीप सिंह, दिलप्रीत सिंह, अभिषेक और सुखजीत सिंह शामिल हैं। इन्हें शिलानंद लाकरा, अरजीत सिंह हुंदल, अंगद बीर सिंह, उत्तम सिंह, सेल्वम कार्थी, आदित्य अर्जुन लालागे और मनिंदर सिंह का सहयोग मिलेगा।

