
खुरई। खुरई देहात थाना क्षेत्र के ग्राम बांगची निवासी सरजू उर्फ हरजू अहिरवार के साथ जमीन दिलाने के नाम पर 16 लाख 50 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार सागर-खुरई मार्ग के समीप जमीनों के बढ़ते दामों को देखते हुए पीड़ित ने अपनी पुश्तैनी भूमि बेचकर अन्य स्थान पर सस्ती कृषि भूमि खरीदने की योजना बनाई थी। इसी दौरान एक रिश्तेदार के माध्यम से उसका संपर्क मालथौन निवासी रानू सिंघई से हुआ, जिसने उसे मालथौन क्षेत्र में एक आदिवासी की 4.69 एकड़ भूमि दिलाने का आश्वासन दिया और अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराने का भी भरोसा दिलाया।
बताया गया कि रजिस्ट्री, अनुमति और दलाली के नाम पर कुल 16 लाख 50 हजार रुपये की राशि तय हुई, जिसे आरोपी द्वारा अलग-अलग किश्तों में चेक और नकद के माध्यम से प्राप्त किया गया। आरोप है कि अंतिम भुगतान के बाद आरोपी ने संपर्क समाप्त कर दिया।
जब पीड़ित जमीन पर कब्जा लेने पहुंचा तो संबंधित आदिवासी भूमि स्वामी ने स्पष्ट किया कि उसे कोई राशि प्राप्त नहीं हुई है और उसने भूमि की रजिस्ट्री से इंकार कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने आरोपी से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसे वहां से भगा दिया गया।
मामले की शिकायत क्षेत्रीय विधायक भूपेंद्र सिंह को दी गई। जांच में मामला सही पाए जाने पर खुरई देहात थाने में अपराध क्रमांक 175/25 के तहत धारा 420 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया, जो लगभग आठ माह तक जेल में रहा और बाद में उच्च न्यायालय से जमानत पर रिहा हुआ।
बताया जा रहा है कि जमानत के बाद आरोपी द्वारा भोपाल जाकर राजनीतिक परिस्थितियों का लाभ उठाने और प्रशासन पर दबाव बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र के अन्य संभावित पीड़ितों द्वारा भी शिकायतें किए जाने की जानकारी मिल रही है, जिससे पूरे प्रकरण की व्यापकता को लेकर प्रश्न खड़े हो रहे हैं।
