नयी दिल्ली, 19 अप्रैल (वार्ता) दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग तीन दिन की भारत की राजकीय यात्रा पर रविवार को यहां पहुंचे। यह दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति की पहली भारत यात्रा है।
कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने राष्ट्रपति ली का स्वागत किया । यह यात्रा दक्षिण कोरिया और भारत की विशेष रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
राष्ट्रपति म्युंग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर भारत यात्रा पर आए हैं और वह 21 अप्रैल तक यहां रहेंगे। उनके साथ प्रथम महिला किम हीया क्यूंग और मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों और व्यापारिक नेताओं सहित एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आया है।
इस यात्रा के दौरान, राष्ट्रपति म्युंग श्री मोदी के साथ पोत निर्माण, व्यापार, निवेश, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, अर्धचालक, महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकियों, जन-संपर्क और सांस्कृतिक आदान-प्रदान सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे। वे पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी उनके सम्मान में भोज का आयोजन करेंगे।
राष्ट्रपति म्युंग राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे और वह उनके सम्मान में भोज का आयोजन करेंगी। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर भी राष्ट्रपति म्युंग से मुलाकात करेंगे।
भारत और दक्षिण कोरिया के बीच बहुआयामी साझेदारी है, जिसकी जड़ें प्राचीन सभ्यतागत संबंधों और लोकतंत्र एवं विधि के शासन के साझा मूल्यों में निहित हैं। राष्ट्रपति ली की यह यात्रा दोनों देशों की मौजूदा सहयोग क्षेत्रों को और मजबूत करने के साथ-साथ पारस्परिक हित के नए और उभरते क्षेत्रों में सहयोग का विस्तार करने की साझा आकांक्षा को रेखांकित करती है।
