बेड पर शराब पीने से रोका तो मरीज ने कर दिया फायर 

सतना : अजब एमपी के गजब माने जाने वाले सतना जिले में रह रह कर कुछ ऐसे कारनामे सामने आते रहते हैं जो इसे इनक्रेडिबल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते. ताजा मामला उचेहरा क्षेत्र में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का सामने आया. जहां पर उपचार कराने के लिए भर्ती किया गया मरीज अपने बेड पर बैठकर शराब पीता नजर आया. इतना ही नहीं बल्कि जब ड्यूटी डॉक्टर व स्टाफ द्वारा मना किया गया तो बौखलाए मरीज ने फायर करते हुए अस्पताल में दहशत फैला दी.प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के कोठी क्षेत्र के रमपुरवा क्षेत्र के निवासी 23 वर्षीय युवक शिवम द्विवेदी का ननिहाल उचेहरा क्षेत्र के वार्ड क्र. 11 में है. शरीर में कमजोरी की शिकायत के चलते वह 2 दिन पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची था.

जहां पर उसकी हालत को देखते हुए भर्ती होने की सलाह दी गई. वहीं उपचार शुरु होने पर उसे बोतल चढ़ाई गई. लेकिन दिन में बोतल चढ़वाने के बाद रात होते ही शिवम घर चला जाता था. इसी कड़ी में शुक्रवार की रात वह एक बार फिर से अस्पताल पहुंचा. हलांकि इस दौरान अपनने उपचार को लेकर शिवम ने डॉ. पाण्डेय ये बहसबाजी शुरु कर दी और इलाज के संबंध में स्वयं से सलाह देने लगा. यह सुनकर डॉ. पाण्डेय ने उसे समझाया कि वह मरीज है डॉक्टर नहीं. इसी कड़ी में उसकी हालत को देखते हुए डॉ. पाण्डेय ने स्टॉफ से शिवम को एक बार फिर से बोतल चढ़ाई के लिए कहा गया. जिसके आधार पर शिवम को रात में ही बोतल चढ़ा दी गई.

लेकिन  तैनात स्टॉफ द्वारा रात के साढ़े 12 बजे जब वार्ड की निगरानी की गई तो शिवम अपने बेड पर बैठकर शराब पीता दिखाई दिया. यह देख स्टॉफ द्वारा मामले की जानकारी डॉ. दीपक पाण्डेय को दी गई. वार्ड में बेड पर बैठ कर मरीज को शराब पीता देख डॉ. पाण्डेय ने कड़ी आपत्ति जताई. इसी कड़ी में डॉ. पाण्डेय ने वार्ड स्टॉफ से पुलिस बुलाने के लिए कहा. यह सुनते ही शिवम फौरन अपने बेड से उठकर बाहर निकल गया. बाहर निकलने के बाद जैसे ही शिवम अपनी बाइक पर बैठा वैसे ही उसने कट्टे से फायर कर दिया और भाग निकला. इस घटना के चलते अस्पताल में दहशत फैल गई. हलांकि सूचना मिलने पर डायल 112 वाहन मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक शिवम फरार हो चुका था. उचेहरा थाना प्रभारी सतीश मिश्रा के अनुसार आरोपी को जल्द पकड़ लिया जाएगा.
 बीएमओ ने की शिकायत
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इस तरह की घटना को गंभीरता से लेते हुए ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. ए के रॉय द्वारा शनिवार को उचेहरा थाने में लिखित शिकायत की गई. बीएमओ द्वारा शिकायत करते हुए न सिर्फ आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की बल्कि रात के समय सीएचसी में पुलिस की सुरक्षा बढ़ाए जाने के लिए भी कहा गया. हलांकि सुरक्षा कि लिहाज से एक और गंभीर खामी पिछले कई दिनों से बदस्तूर चली आ रही है और वह है सीएचसी में लगे सीसीटीवी कैमरों का शो-पीस होना. सीएचसी में लगे सीसीटीवी कैमरे पिछले काफी समय से खराब पड़े हुए हैं. हलांकि खण्ड चिकित्सा अधिकारी भी इसे सुरक्षा के लिहाज से बड़ी खामी मानते हैं. लेकिन बजट के आभाव में उनके हाथ भी बंधे हुए हैं

Next Post

    बैसाख ने दिखाया असर 42 पार पहुंचा पारा समान्य की तुलना में 3.1 डिग्री चढ़ा दिन का तापमान

Sun Apr 19 , 2026
सतना : फागुन के महीने में ही 40 डिग्री के करीब पहुंचने को बेताब दिखे पारे ने आने वाली भीषण गर्मी के संकेत देने शुरु कर दिए थे. वहीं अब बैसाख का असर शुरु होते ही दिन का तापमान 42 डिग्री से ऊपर पहुंचने लगा है. आलम यह है कि […]

You May Like