
जबलपुर। मझौली थाना अन्तर्गत ग्राम पंचायत बीछी तिराहे में हुई एक बेहद हृदयविदारक घटना में एक युवक की मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार अनियंत्रित बेलगाम वाहन ने युवक को टक्कर मारकर मौत के घाट उतार दिया। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान ग्राम इंद्राना कांपा निवासी अजय कुमार भूमिया के रूप में हुई है, जो बालिचरण भूमिया के पुत्र थे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अजय का विवाह ग्राम डुंगरिया में हुआ था। बताया जा रहा है कि युवक पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से विक्षिप्त था, जिसके चलते वह अक्सर क्षेत्र में घूमता रहता था। ‘हादसे की खबर मिलते ही मझौली पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस उस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। इस घटना के बाद से इंद्राना कांपा और डुंगरिया दोनों गांवों में मातम पसरा हुआ है।
