
ब्यावरा। गुना रोड स्थित चमारी जोड़ पर मंगलवार शाम 5 बजे एक सड़क हादसा हो गया। पुलिस पेट्रोल पंप के सामने एक अज्ञात वाहन ने पिकअप गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बन रही सर्विस रोड पर पलट गई। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी को चोट नहीं आई और गाड़ी का चालक सुरक्षित बच गया। गाड़ी को भी ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। मिली जानकारी के अनुसार, पिकअप गाड़ी (MP 39 G 3285) ब्यावरा से सामान लेकर चमारी रोड होते हुए सांडाहेड़ी गांव जा रही थी। गाड़ी को नीलम पिता हरनाम सेन चला रहे थे। वे अशोकनगर जिले के पिपरई बरखेड़ा के रहने वाले हैं।
चालक नीलम ने बताया कि चमारी जोड़ पर गाड़ी मोड़ते समय पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी पिकअप को टक्कर मार दी। अचानक हुई टक्कर से वे गाड़ी पर काबू नहीं रख पाए।पिकअप निर्माणाधीन सर्विस रोड पर उतरकर पलट गई। हादसे के समय गाड़ी में चालक अकेला था। गाड़ी पलटने के बावजूद उसे कोई चोट नहीं आई। आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर चालक को गाड़ी से बाहर निकाला। घटना के बाद कुछ देर के लिए वहां भीड़ लग गई थी।
बताया गया कि चमारी जोड़ के पास सर्विस रोड का काम चल रहा है। सड़क की खराब हालत और बन रहे हिस्से की वजह से हादसा और गंभीर हो सकता था। थाना प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि घटना को लेकर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है और मामले की जांच कर रही है।
