सागर: नगर निगम अंतर्गत रहवासी और व्यवसायिक क्षेत्रों में दुकानों के बाहर टीन चद्दर के शेड लगाकर और दुकान के बाहर तक विक्रय सामग्री फैलाने वालों के शेड आदि अतिक्रमण हटाएँ और सामग्री जब्त कर चालानी कार्यवाही करें.आस-पास उक्त निर्देश निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने गोला कुआँ तिराहा के अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही कराते हुए निगमकर्मियों को दिए.
उन्होंने कहा कि सभी वार्डों, मुख्य मार्गों सहित शहर को सब ओर से अतिक्रमण मुक्त बनाकर सड़कों पर सुगम आवागमन के साथ शहर सुव्यवस्थित, साफ, स्वच्छ, सुंदर बनाने के लिए यह मुहिम लगातार चलाएं. निगमायुक्त के नेतृत्व में अतिक्रमण टीम बुल्डोजर सहित यादव होटल गोला कुआँ तिराहा लक्ष्मीपुरा में पहुंची और विभिन्न दुकानों-मकानों की हद से बाहर निकले चद्दर टीन शेड सहित सड़क पर बने चबूतरे-दिवार आदि अतिक्रमण को ध्वस्त किया गया.
मकानों दुकानों की हद से बाहर बने चबूतरों के साथ सड़क किनारे नाली और सड़क पर लगभग 5-10 फीट तक बनी दीवारों को भी जमींदोज किया गया. निगम अमले द्वारा अतिक्रमण की कार्यवाही देख उक्त सड़क के अन्य दुकानदरों नागरिकों द्वारा तत्परता दिखाते हुए अपने-अपने टीन शेड स्वयं हटाने का कार्य भी किया गया. निगमायुक्त श्री खत्री ने निगम वाहन में लगे पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम के माध्यम से अनाउंसमेंट कर नागरिकों-दुकानदारों को सूचित करते हुए कहा की शहर की विभिन्न सड़कों पर दुकानदारों के द्वारा टीन शेड आदि बाहर तक निकाल कर अतिक्रमण किया जाता है. इन टीन शेडों के नीचे सड़क किनारे नाली और आधी सी सड़क को घेर कर दुकान की विक्रय सामग्री जमा दी जाती है, इससे नित्य प्रतिदिन यातायात जाम की समस्या ऐसे क्षेत्रों में देखने मिलती है.
