गुना: शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाले शहर के प्रतिष्ठित मॉडर्न चिल्ड्रन हायर सेकेंडरी स्कूल ने एक बार फिर बोर्ड परीक्षा परिणामों में सफलता का परचम लहराया है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में न केवल उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, बल्कि जिले का नाम पूरे प्रदेश में गौरवान्वित किया है।कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणामों में विद्यालय की होनहार छात्रा अस्मिता धाकड़ ने 97.8 प्रतिशत अंक अर्जित कर मध्य प्रदेश की टॉप-20 सूची (11वां स्थान) में स्थान प्राप्त किया है।
अस्मिता की इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता पर मुहर लगा दी है। कक्षा 10वीं में अस्मिता धाकड़ के अलावा करीब 15 विद्यार्थियों ने 90% से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि 30 से अधिक विद्यार्थी 80% से ऊपर अंक लाने में सफल रहे। कक्षा 12वीं में छात्रा रंजना यादव ने 92.8% अंकों के साथ विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। साथ ही 30 से अधिक विद्यार्थियों ने 80% से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया।
छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास पर जोर: अरोरा
विद्यालय की इस गौरवशाली उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए डॉ. श्वेता अरोरा ने कहा हमारी प्राथमिकता केवल अंक दिलाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारकर उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनाना है। यह सफलता विद्यार्थियों के कड़े परिश्रम, शिक्षकों के सटीक मार्गदर्शन और अभिभावकों के अटूट विश्वास का सामूहिक परिणाम है।
उत्सव जैसा माहौल
परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखा गया। अभिभावकों और शहरवासियों ने इस शानदार सफलता के लिए प्रबंधन और शिक्षकों की सराहना की है। विद्यालय का यह उत्कृष्ट प्रदर्शन न केवल वर्तमान छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत है, बल्कि यह जिले के शैक्षणिक परिदृश्य में एक नया मील का पत्थर साबित हुआ है। सभी सफल विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गई हैं।
