भोपाल: सड़कों पर नशे में वाहन चलाने का मुद्दा एक बार फिर चिंता बढ़ा रहा है। सड़क हादसों के बीच हमने शहर के लोगों से बात की और जाना कि आखिर नशे में ड्राइविंग को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाने चाहिए। बातचीत में ज्यादातर लोगों ने माना कि नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्ती जरूरी है, क्योंकि एक व्यक्ति की लापरवाही सड़क पर मौजूद कई लोगों की जिंदगी खतरे में डाल सकती है।
लोगों ने खास तौर पर कम उम्र के बच्चों के नशे में वाहन चलाने को लेकर चिंता जताई। उनका कहना है कि परिवार और दोस्तों की भी जिम्मेदारी है कि वे किसी व्यक्ति को नशे की हालत में गाड़ी चलाने से रोकें। वहीं, रात के समय चेकिंग और निगरानी को और प्रभावी बनाने की बात भी सामने आई। लोगों का कहना है कि नशे में ड्राइविंग के खिलाफ जागरूकता और जिम्मेदारी बढ़ाकर ही सड़क हादसों को कम किया जा सकता है।
