छतरपुर। प्रदेशभर में ‘किसान वंदन’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में छतरपुर जिले में भी भाजपा किसान मोर्चा के नेतृत्व में गेहूं उपार्जन केंद्रों पर पहुँच रहे अन्नदाताओं का भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों को सम्मान देना और उपार्जन प्रक्रिया में उनका उत्साहवर्धन करना है।
प्रमुख केंद्रों पर हुआ शुभारंभ
अभियान के तहत चंदला विधानसभा के बरहा सेवा सहकारी समिति केंद्र पर मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहाँ भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री बॉबीराजा गठेवरा ने विधिवत पूजन और फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया। उन्होंने केंद्र पर गेहूं लेकर आए किसान भाइयों का तिलक लगाकर और माल्यार्पण कर सम्मान किया। बॉबीराजा गठेवरा ने इस अवसर पर कहा कि भाजपा सरकार किसानों के कल्याण के लिए पूरी तरह समर्पित है और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में किसानों को उनकी उपज का सही दाम और सम्मान दोनों मिल रहा है।
जिले भर में दिखा उत्साह
स्वागत का यह सिलसिला केवल चंदला तक सीमित नहीं रहा। गढ़ीमलहरा मंडी प्रांगण, सटई रोड स्थित सेवा सहकारी समिति बगौता, महाराजपुर क्षेत्र के विभिन्न केंद्रों और छतरपुर कृषि उपज मंडी में भी गौरवशाली कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से शिरकत की। खाद्य अधिकारी सीताराम कोठारे और वेयर हाउस प्रबंधक रामअवतार मिश्रा ने केंद्रों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और किसानों को सुचारू तुलाई का आश्वासन दिया।
दिग्गजों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में सहकारी बैंक अध्यक्ष करूणेन्द्र प्रताप सिंह, किसान मोर्चा महामंत्री प्रदोष यादव, दिनेश यदुवंशी, और अनुज पाठक सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने किसानों के साथ संवाद किया। विभिन्न मंडलों के अध्यक्षों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिलकर यह सुनिश्चित किया कि उपार्जन केंद्रों पर किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। बड़ी संख्या में उपस्थित किसानों ने इस सम्मान पर हर्ष व्यक्त करते हुए सरकार की इस संवदेनशील पहल की सराहना की।
