जबलपुर: कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में पीएमश्री विद्यालयों के प्रबंधन एवं क्रियान्वयन के संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी व संबंधित विद्यालयों के प्राचार्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि पीएमश्री विद्यालयों का क्रमबद्ध क्रियान्वयन हो और इसमें जो भी आवश्यकताएं हैं उनकी पूर्ति सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने कहा कि विद्यालय के आस-पास मादक पदार्थों से संबंधित दुकान न हों, विद्यालय में फर्नीचर व किचन व्यवस्था अच्छी हो, विद्यार्थियों के लिए खेल मैदान व उनके नियमित स्वास्थ्य परीक्षण होता रहे।
उन्होंने टिंकरिंग लैब, विद्यालयीन स्टाफ व विद्यार्थियों की आईडी, रचनात्मक रूप से सीखने के लिए की जा रही गतिविधियां, गणित एवं विज्ञान सर्कल, टीचर लर्निंग मटेरियल, खेल गतिविधियां, आत्मरक्षा प्रशिक्षण, विशेषज्ञ वार्ता, व्यवसायिक प्रयोगशाला, हरित विद्यालय, विद्यालयीन अभिलेख संधारण, परीक्षाएं, विज्ञान प्रयोगशाला, पुस्तकालय, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था व फायर सेफ्टी, पेयजल, पानी की टंकियों की सफाई आदि के संबंध में विस्तार से चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए।
