भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु को जन्मदिन पर शुभकामनाएं देते हुए उनके सादगीपूर्ण व्यक्तित्व, संवेदनशीलता और जनसेवा के प्रति समर्पण को प्रेरणादायी बताया। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि उनकी कार्यशैली सभी को प्रेरणा देती है। उन्होंने राष्ट्रपति के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हर प्रतिभा को अवसर और हर सपने को उड़ान देने के उद्देश्य से ‘टैलेंट सर्च 2026-27’ अभियान चलाया जा रहा है। इसके माध्यम से भविष्य के ओलंपियन और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की खोज की जाएगी। उन्होंने प्रदेश के युवा खिलाड़ियों से इस अभियान से जुड़कर अपनी प्रतिभा को नई पहचान देने का आह्वान किया।
इधर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज प्रदेश को विकास की दो बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। वे 42 हजार से अधिक हितग्राहियों को 2 हजार 500 करोड़ रुपये से अधिक की आवास स्वीकृतियां प्रदान करेंगे और 38 हजार परिवारों को गृह-प्रवेश कराएंगे।इसके साथ ही मुख्यमंत्री 2 हजार 935 करोड़ रुपये लागत वाली 48.10 किलोमीटर लंबी इंदौर-उज्जैन ग्रीनफील्ड फोर-लेन परियोजना का भूमि-पूजन करेंगे। इस परियोजना को क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और विकास को गति देने वाली महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
