महू के छात्रावास में भोजन से बिगड़ी सेहत, आठ छात्र अब भी निगरानी में

इंदौर:महू स्थित आंबेडकर नगरी के जनजातीय छात्रावास में फूड पॉइज़निंग का मामला सामने आया है, जहां भोजन करने के बाद 20 छात्रों की तबीयत बिगड़ गई. इनमें से 12 छात्रों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि 8 छात्र अभी भी अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने जांच के निर्देश दिए हैं.

छात्रावास में रह रहे विद्यार्थियों की तबीयत दो दिन से खराब थी. छात्र ठीक से खाना नहीं खा रहे थे और भोजन करने से इनकार कर रहे थे. जब स्थिति बिगड़ती दिखी, तो मामले की जानकारी प्रशासन तक पहुंची. कलेक्टर आशीष सिंह ने इस पर संज्ञान लेते हुए एसडीएम राकेश परमार को छात्रावास के निरीक्षण और जांच के आदेश दिए. एसडीएम परमार ने सिविल अस्पताल पहुंचकर प्रभावित छात्रों से बातचीत की और अस्पताल प्रशासन से उनकी स्थिति की जानकारी ली.

वहीं चिकित्सकों ने बताया कि फूड पॉइज़निंग के लक्षण स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं, हालांकि अधिकांश बच्चों की स्थिति अब सामान्य है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी. भोजन की गुणवत्ता, आपूर्तिकर्ता की जिम्मेदारी और रसोई की स्वच्छता से जुड़े बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है.

वहीं मामले में एसडीएम राकेश परमार का कहना है कि अस्पताल में भर्ती बच्चों से बातचीत कर प्रारंभिक जानकारी ली गई है, भोजन से संबंधित संदेह सामने आए हैं. विस्तृत जांच के बाद पूरी स्थिति स्पष्ट होगी. संबंधित अधिकारी निरीक्षण में जुटे हैं. वहीं एडिशनल एसपी रूपेश द्विवेदी का कहना है कि फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर जांच जारी है. पुलिस को अभी तक औपचारिक शिकायत नहीं मिली है. जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि कोई आपराधिक लापरवाही सामने आती है, तो कार्रवाई की जाएगी.

Next Post

बाढ़ प्रभावित क्षतिग्रस्त मकान का मुआवजा दिलाने की गुहार

Wed Jul 23 , 2025
रीवा: कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी ने 104 आवेदकों की समस्यायें सुनीं. उन्होंने प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को कार्यवाही हेतु प्रेषित किया.जनसुनवाई में रमाकांत द्विवेदी बूक, पूजा साकेत एवं रीता साकेत खैरी तथा भैयालाल साकेत खैरा ने बाढ़ प्रभावित क्षतिग्रस्त मकान का मुआवजा […]

You May Like