
इंदौर। शहर में नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत क्राइम ब्रांच ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक आरोपी को एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से करीब 121 ग्राम मादक पदार्थ जब्त किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 12.10 लाख रुपए बताई जा रही है.
डीसीपी क्राईम राजेश त्रिपाठी ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक टिगरिया बादशाह रोड पर टीसीएस चौराहे के पास बड़ी मात्रा में एमडी ड्रग्स की डिलीवरी देने आने वाला है. सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर मौके से शैलेंद्र चौहान निवासी नाहरगढ़, सीतामऊ (मंदसौर) को रंगे हाथ पकड़ लिया. तलाशी लेने पर आरोपी के पास से पारदर्शी पन्नी में रखी 121 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई. साथ ही एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है. जब्त माल की कीमत करीब 12.50 लाख रुपए आंकी गई है. पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि वह इंदौर में नशे के आदी लोगों को सस्ते में मादक पदार्थ खरीदकर बेचता था. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी मंदसौर जिले के नाहरगढ़ थाने में मारपीट का मामला दर्ज है. क्राइम ब्रांच ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत प्रकरण दर्ज कर उससे सप्लाई नेटवर्क व अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है.
