
इंदौर। शहर में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस कमिश्नरेट का हेलमेट पहनें सुरक्षित रहें अभियान लगातार असर दिखा रहा है. अब तक 27 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर जरूरतमंद वाहन चालकों को 4 हजार से अधिक हेलमेट वितरित किए जा चुके हैं, गुरुवार को पलासिया चौराहे पर आयोजित अभियान में पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आर.के. सिंह और यातायात प्रभारी डीसीपी राजेश कुमार त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे. इस दौरान ट्रैफिक पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों को रोककर हेलमेट के महत्व के बारे में समझाया. जिन चालकों के दस्तावेज पूरे थे लेकिन हेलमेट नहीं पहना था, उन्हें पहले चालान किया, फिर जागरूक करते हुए हेलमेट भी दिया. अभियान के दौरान कई ऐसे वाहन चालक भी सामने आए जो स्वेच्छा से हेलमेट लगाए हुए थे. पुलिस अधिकारियों ने उनकी सराहना करते हुए उन्हें सम्मान स्वरूप उपहार देकर प्रोत्साहित किया. इस दौरान पुलिस कमिश्नर का कहना था कि सड़क हादसों में सिर की चोट सबसे घातक होती है, ऐसे में हेलमेट पहनना जीवन रक्षा के लिए बेहद जरूरी है. इसी उद्देश्य से शहर में लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, ताकि लोग नियमों का पालन करें और दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके.
