ग्वालियर: जिले में औद्योगिक विकास को रफ्तार देने के लिए प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दे दिए हैं कि अब जमीन आवंटन और भू-अर्जन की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। कलेक्टर रुचिका चौहान ने दो टूक कहा कि औद्योगिक प्रयोजनों के लिए भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तय समय-सीमा में पूर्ण हो और इसमें सभी विधिक प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी बाधा न उत्पन्न हो।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने एमपीआईडीसी एवं राजस्व अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में मोहना औद्योगिक क्षेत्र, स्टोन पार्क और रंग मिल इंडस्ट्रियल एरिया के विकास कार्यों की प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन किया गया।कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना और उद्योगों को शीघ्र भूमि उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यदि किसी औद्योगिक क्षेत्र में कोई बाधा है तो उसे तत्काल चिन्हित कर समाधान किया जाए।
मोहना: 210 हेक्टेयर में बन रहा आधुनिक औद्योगिक हब
मोहना औद्योगिक क्षेत्र को राज्य सरकार द्वारा 210 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है, जिसके लिए लगभग 140 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। यहां 162 औद्योगिक प्लॉट विकसित किए जा रहे हैं। महत्वपूर्ण बात यह है कि मोहना को देश के चुनिंदा औद्योगिक क्षेत्रों में शामिल करने की तैयारी है। केंद्र सरकार की योजना के तहत इसे प्लग-एंड-प्ले इंडस्ट्रियल पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां पहले से तैयार अधोसंरचना के साथ उद्योगों को तुरंत संचालन की सुविधा मिलेगी। इसमें फैक्ट्री शेड, वेयरहाउस, टेस्टिंग लैब, मजबूत कनेक्टिविटी और क्लस्टर आधारित विकास जैसी सुविधाएं शामिल होंगी, जिससे एमएसएमई, बड़े उद्योग और स्थानीय रोजगार को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।
स्टोन पार्क से अतिक्रमण हटाने की तैयारी तेज
स्टोन पार्क में विकास कार्यों में बाधा बने अतिक्रमणों को हटाने के लिए प्रशासन ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। एमपीआईडीसी द्वारा अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए जल्द कार्रवाई कर सड़कों और हस्तशिल्प विभाग की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए।
रंग मिल इंडस्ट्रियल एरिया: कनेक्टिविटी और रोजगार पर फोकस
रंग मिल औद्योगिक क्षेत्र के विकास को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई। इस क्षेत्र को रेसकोर्स रोड से जोड़ने के लिए बेहतर कनेक्टिविटी और नए पुल के निर्माण के प्रस्तावों पर विचार किया गया। कलेक्टर ने विशेष रूप से आईटी और आधुनिक उद्योगों को यहां निवेश के लिए आकर्षित करने पर जोर दिया, ताकि स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक रोजगार सृजित हो सके।
