ग्वालियर: ग्वालियर में 281.71 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन शनिवार 5 जुलाई को सायंकाल प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव, केन्द्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट, जिला प्रशासन, नगर निगम, विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने किया।
इस दौरान उन्होंने बताया कि ग्वालियर बदल रहा है और निरंतर ग्वालियर विकास के पथ पर चल रहा है। ग्वालियर की इस प्रगति यात्रा में शनिवार 5 जुलाई को सायंकाल 3 बजे, अन्तरराज्यीय बस अड्डा (आईएसबीटी), हजीरा थाने के पास बिरला नगर ग्वालियर में नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव तथा केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया , प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह जी तथा सांसद भारत सिंह कुशवाह की मौजूदगी में 281.81 करोड़ के विभिन्न कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन होगा।
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि इस दिन बदलते ग्वालियर को स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के रुप में सिविल अस्पताल बिरला नगर के 15 करोड़ की लागत, से निर्मित नवीन भवन की सौगात मिल रही है, तो हमारे बच्चों के बेहतर शैक्षणिक विकास के लिए 20.12 करोड़ की लागत से निर्मित शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शिक्षा नगर और 35.93 करोड़ की लागत से निर्मित सीएम राइज कन्या हायर सेकेण्डरी स्कूल किला गेट के भवन का उपहार प्राप्त होने जा रहा है।
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि ग्वालियर में विद्युत वितरण प्रणाली को सुदृढ़ बनाने हेतु 112 करोड़ की लागत से निर्मित 132 केव्ही जी.आई.एस. विद्युत सबस्टेशन फूलबाग का लोकार्पण हो रहा है। इसके साथ ही ग्वालियर के हरित क्षितिज को नया गंतव्य देने के लिए 2.67 करोड़ की लागत से वेस्ट टू वंडर पार्क की शुरुआत हो रही है। बच्चों को खेलों के प्रति जागरूक बनाने के लिए 2.84 करोड़ की लागत से जे.सी.मिल हाई स्कूल के पीछे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का आरंभ, यातायात को सर्व सुलभ बनाने हेतु 77 करोड़ की लागत से निर्मित अंतरराज्यीय बस अड्डा का लोकार्पण तथा 16.15 करोड़ की लागत से बनने वाले 1000 बिस्तरीय अस्पताल को जे.ए.एच.अस्पताल से जोड़ने हेतु रोड़ अंडर ब्रिज के भूमिपूजन के रुप में नई सौगातें मिल रही हैं।
