
जबलपुर।नगर निगम द्वारा शहर को व्यवस्थित, सुंदर और यातायात को सुगम बनाने के उद्देश्य से सोमवार को भी एक बड़ा अभियान चलाया गया। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर निगम की टीम ने शहर के विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराया और नागरिकों को बेहतर व्यवस्था का अनुभव कराया। आज की कार्रवाई में शहर के उन हिस्सों पर विशेष ध्यान दिया गया जहाँ यातायात का दबाव सबसे अधिक रहता है। अतिक्रमण प्रभारी मनीष तड़से ने बताया कि घमापुर चौक और क्षेत्रीय बस स्टैंड क्षेत्र में व्यवस्थित रूप से अतिक्रमण हटाया गया, साथ ही, रेत नाका से साउथ एवेन्यू मॉल तक की सड़क को साफ कर नागरिकों के आवागमन को सुगम बनाया गया। इसी प्रकार छोटी लाइन फाटक क्षेत्र में लगने वाले अस्थाई सब्जी बाजार को खाली कराया गया। इसके साथ ही छोटी लाइन से रामपुर चौक तक सड़कों के किनारे से अवरोधों को दूर किया गया। उन्होंने बताया कि शहर की पहचान गौरीघाट और जिलेहरीघाट की सीढ़ियों पर किए गए अतिक्रमणों को हटाया गया, जिससे दर्शनार्थियों और पर्यटकों को अब घाटों पर चलने में सुविधा होगी। उन्होंने बताया कि मेडिकल तिराहा से पुराने बस स्टैंड तक निगम की टीम ने मुनादी कराई गयी। कार्यवाही के समय अतिक्रमण टीम आदि उपस्थित रहे।
