दिल्ली को कला के क्षेत्र में अग्रणी बनाना हमारी प्राथमिकता: मिश्रा

नयी दिल्ली, 28 मई (वार्ता) दिल्ली के कला, संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा है कि राजधानी को कला के क्षेत्र में अग्रणी बनाना सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिये साल में दो से तीन बड़े सांस्कृतिक उत्सवों का आयोजन किया जायेगा, ताकि नये कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिले।

श्री मिश्रा ने राजधानी के विभिन्न कला क्षेत्रों से जुड़े प्रतिष्ठित कलाकारों के साथ आज एक विशेष बैठक के बाद कहा कि दिल्ली में एक नयी सरकार आयी है, जिसे जनता का अपार समर्थन मिला है। यह सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विजन’ को आगे बढ़ाने के लिये प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कोई भी राष्ट्र या समाज अपनी कला, संस्कृति और भाषा के बिना अधूरा है, और राजधानी दिल्ली को इस क्षेत्र में अग्रणी बनाना हमारी प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि अपनी कला और संस्कृति को आगे बढ़ने में कलाकार अपना पूरा योगदान देता है पर पिछली सरकार का योगदान प्रशंसनीय नहीं रहा। पिछले कुछ वर्षों से तो लगभग नगण्य रहा है।

इस दौरान कलाकारों ने सुझाव दिया कि कला और संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम सभी विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित किये जायें ताकि नये कलाकारों को मंच मिल सके। उन्होंने झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले प्रतिभाशाली कलाकारों को अवसर देने के लिये एक सांस्कृतिक कॉम्प्लेक्स के निर्माण का प्रस्ताव भी रखा।

श्री मिश्रा ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुये आश्वासन दिया कि सरकार इन मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई करेगी। उन्होंने घोषणा की कि दिल्ली सरकार साल में दो से तीन बड़े सांस्कृतिक उत्सवों का आयोजन करेगी, जिससे नये कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा और प्रतिष्ठित कलाकारों को दिल्ली में प्रदर्शन करने का मंच मिलेगा।

उन्होंने कहा कि यह बैठक सरकार और कलाकारों के बीच सहयोग की नयी शुरुआत मानी जा रही है, जिससे दिल्ली को कला, संस्कृति और रचनात्मकता की राजधानी बनाने के प्रयासों को नयी गति मिलेगी।

Next Post

दिल्ली में सैंकड़ों पेड़ों की अवैध कटाई, सुप्रीम कोर्ट ने लगाई डीडीए को फटकार

Wed May 28 , 2025
नयी दिल्ली, 28 मई (वार्ता) उच्चतम न्यायालय ने बुधवार को दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के अधिकारियों को अदालत से अनुमति लिए बिना भौगोलिक रूप से संवेदनशील दिल्ली रिज क्षेत्र में अवैध रूप से सैंकड़ों पेड़ों की कटाई के मामले में जमकर फटकार लगाई। न्यायमूर्ति सूर्य कांत और न्यायमूर्ति एन कोटिश्वर […]

You May Like