रुद्रप्रयाग, 16 जून, (वार्ता) उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में एक व्यक्ति के गहरी खाई में गिरने की सूचना पर राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफल बचाव अभियान चलाया और घायल को सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
मंगलवार सुबह डीसीआर रुद्रप्रयाग से सूचना मिली कि रुद्रप्रयाग पेट्रोल पंप के निकट एक व्यक्ति खाई में गिर गया है। सूचना प्राप्त होते ही एसडीआरएफ पोस्ट रतुड़ा से अपर उपनिरीक्षक हरीश बंगारी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचने पर टीम ने पाया कि व्यक्ति लगभग 30 मीटर गहरी खाई में गिरकर घायल हो गया है। एसडीआरएफ जवानों ने तत्काल बचाव अभियान चलाया और कठिन परिस्थितियों के बीच घायल तक पहुंच बनाकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बचाव अभियान के दौरान घायल को प्राथमिक उपचार भी उपलब्ध कराया गया।
इसके बाद घायल को अग्रिम उपचार के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द किया गया। जिला पुलिस द्वारा सरकारी वाहन से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घायल व्यक्ति की पहचान सुखदेव सिंह भंडारी पुत्र अवतार सिंह भंडारी, निवासी पाबौ, जनपद पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई है।
