मैहर:नारकोटिक्स एवं अन्य नशीली दवाओं के रोकथाम की दिशा में मैहर पुलिस ने 1 जनवरी 2026 से 14 अप्रैल 2026 तक 4 लाख 55 हजार कीमत का 31 किलो 570 ग्राम गांजा और 1 लाख 96 हजार 360 मूल्य की 789 शीशियां नशीली कफ सिरप की जप्त कर 19 आरोपियों के विरूद्ध 8 प्रकरण दर्ज कर एनडीपीएस की कार्यवाही की है। इन प्रकरणों में गांजा के परिवहन में संलिप्त 8 लाख रूपये का एक चार पहिया वाहन तथा कोरेक्स के परिवहन में 9 लाख रूपये के दो चार पहिया वाहन भी जप्त किये गये।
इस आशय की जानकारी बुधवार को कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट मैहर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी की अध्यक्षता में संपन्न नाकार्ड की जिला स्तरीय समिति की बैठक में दी गई। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक मैहर अवधेश प्रताप सिंह, सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह, एसडीएम एसपी मिश्रा, डॉ. आरती सिंह, दिव्या पटेल, आरटीओ संजय श्रीवास्तव, जिला शिक्षा अधिकारी गिरीष अग्निहोत्री, डीपीसी विष्णु त्रिपाठी, उप संचालक सामाजिक न्याय राजीव सिंह, प्रभारी सिविल सर्जन जेएन पाण्डेय, सभी सीईओ जनपद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने कहा कि मादक पदार्थाे के उपयोग पर सभी संबंधित विभाग के अधिकारी अपने स्तर से प्रभावी कार्यवाही करें। लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराकर जन जागरूकता के लगातार कार्यक्रम करें। पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि नारकोटिक्स एवं अन्य नशीली दवाओं के रोकथाम के लिए पुलिस द्वारा प्रभावाी कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने समिति में शामिल अधिकारियों से कहा कि मैदानी स्तर के कर्मचारियों को साथ लेकर सूचना तंत्र विकसित करें ताकि सूचनाओं के इनपुट के आधार पर कार्यवाही तत्काल हो सके। शिक्षा, उच्च शिक्षा और सामाजिक न्याय विभाग सभी शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता के कार्यक्रम नियमित रूप से करें।
स्कूलों, कालेज सहित अन्य विभागों के सार्वजनिक कार्यक्रमों में नशा मुक्त भारत बनाने की शपथ जरूर ली जाये। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और औषधि निरीक्षक को मेडीकल स्टोर एवं अन्य दुकानों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिये और कहा कि नींद और दर्द निवारक दवाओं का स्टाक विक्रय इन्ट्री जरूर चेक करें। उन्होंने कहा कि जमीन राजस्व विभाग की हो या वन विभाग की दोनों फसल सीजन में वेरीफिकेशन कराये और उसका प्रमाण पत्र भी उपलब्ध कराये। उन्होंने उप संचालक सामाजिक न्याय मैहर में नशा मुक्ति से संबंधित एक बडा कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिये।
