भोपाल: मध्यप्रदेश बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम जारी करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छात्रों की सफलता को प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि इस बार के परीक्षा परिणाम कई सकारात्मक संकेत लेकर आए हैं, जिनमें सबसे प्रमुख बेटियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन, जनजातीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों की सफलता और सरकारी स्कूलों की बेहतर गुणवत्ता शामिल है।
सीएम ने कहा कि दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा से यह साबित किया है कि अवसर और संसाधनों की कमी के बावजूद उनकी क्षमता किसी से कम नहीं है।
उन्होंने विशेष रूप से मेरिट सूची में बेटियों की बढ़ती भागीदारी को नारी सशक्तिकरण का मजबूत उदाहरण बताया और सभी छात्राओं को बधाई दी।मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता में हुए सुधार का असर अब स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है, जहां विद्यार्थियों ने निजी स्कूलों को पीछे छोड़ते हुए बेहतर प्रदर्शन किया है। उन्होंने 10वीं और 12वीं के सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
