इंदौर:पाटनीपुरा क्षेत्र में सोमवार देर रात एक पूजन सामग्री की दुकान में भीषण आग लग गई. दमकलकर्मियों ने शटर तोड़कर आग पर काबू पाया. हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन लाखों रुपए के नुकसान की आशंका है.जानकारी के मुताबिक, रात करीब 1.30 बजे सुधीर अग्रवाल की विनायक पूजन सामग्री दुकान में आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को मिली. मौके पर दो दमकलें पहुंचीं. वहीं, एमआईजी थाना पुलिस भी पहुंच गई. दुकान बंद होने के कारण अंदर ही अंदर आग तेजी से फैल गई.
सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और करीब 17 हजार लीटर पानी की मदद से आग बुझाई. स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में सहयोग किया. दमकलकर्मियों की मुस्तैदी से आग आसपास की दुकानों तक नहीं फैल सकी. प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है. आग में दुकान में रखी पूजन सामग्री व अन्य सामान पूरी तरह जल गया.
