विदाई के समय पिता ने कहा था- अब मत आना, मार डालने की धमकी भी दी थी

शिवपुरी: जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद मामला अब नया मोड़ ले रहा है। हादसे में दूल्हा-दुल्हन समेत चार लोगों की मौत के बाद दुल्हन की मां ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं।टोंगरा रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास एक खड़े ऑटो पर मुर्गी दाना से भरा ट्रक पलट गया था। हादसे में दूल्हा वीरेंद्र शाक्य (25), दुल्हन राजेश्वरी शाक्य, दूल्हे की मां अन्वेश शाक्य (50) और भाभी राजो शाक्य (22) की मौके पर ही मौत हो गई थी।

हादसे के बाद दुल्हन की मां फूलवती शाक्य ने अपने पति राजू शाक्य पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि वह अपनी ही बेटी पर गलत नजर रखता था और इसी कारण इस शादी का विरोध कर रहा था। दुल्हन की मां के अनुसार शादी से पहले भी उसने शराब के नशे में हंगामा किया था, जिसके चलते सीमित लोगों की मौजूदगी में मंदिर में विवाह करना पड़ा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पति ने बेटी और दामाद को जान से मरवाने की धमकी दी थी।

मां ने बताया कि विदाई के समय पिता ने बेटी से कहा था कि वह अब कभी घर वापस न आए। यह सुनकर दुल्हन भावुक हो गई थी और रोते हुए ससुराल के लिए रवाना हुई, लेकिन रास्ते में ही हादसे का शिकार हो गई। घटना के बाद से दुल्हन का पिता लापता है और वह अपनी बेटी के अंतिम संस्कार में भी शामिल नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि राजू शाक्य पर पहले छेड़छाड़ का मामला दर्ज हो चुका है, जिसमें वह जेल जा चुका है और फिलहाल जमानत पर है।महिला ने बताया कि वह वर्ष 2023 से पति के खिलाफ मारपीट की शिकायत देहात थाने में करती आ रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

Next Post

श्योपुर में किसानों के मुद्दों पर कांग्रेस का प्रदर्शन, निकाली रैली

Tue Apr 14 , 2026
श्योपुर: किसानों की समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने उग्र प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष मांगीलाल फौजी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्टेडियम से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली। इसके बाद डिप्टी कलेक्टर संजय जैन को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान विधायक बाबू जंडेल भी मौजूद रहे। रैली के […]

You May Like