
मंदसौर। उपभोक्ताओं को एल.पी.जी. गैस के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करने और संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने एक अनोखी पहल शुरू की है। कार्यालय कलेक्टर (खाद्य) जिला मंदसौर द्वारा जारी एक आधिकारिक आदेश के अनुसार, अब जिले के सभी गैस वितरण वाहनों में एक विशेष जागरूकता गीत का प्रसारण किया जाएगा।
वाहनों में बजेगा विशेष जागरूकता गीत
जिला आपूर्ति अधिकारी द्वारा जारी पत्र के तहत जिले के समस्त गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे गैस वितरण करने वाले वाहनों में “भाई आया रे गैस सिलेंडर” नामक जागरूकता गीत का अनिवार्य रूप से प्रसारण करें।
क्या है इस गीत की खासियत ?
यह विशेष गीत ग्राहक दक्षता कल्याण फाउंडेशन द्वारा तैयार किया गया है। इस गीत के माध्यम से उपभोक्ताओं को एल.पी.जी. सिलेंडर लेते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में संगीतमय तरीके से शिक्षित किया जाएगा। गीत में मुख्य रूप से निम्नलिखित जानकारियां शामिल हैं:
सुरक्षित उपयोगः एल.पी.जी. गैस को सुरक्षित तरीके से इस्तेमाल करने के तरीके।
महत्वपूर्ण जांचः सिलेंडर प्राप्त करते समय उसकी सील और वजन की जांच करने की सलाह।
सुरक्षा मानकः दुर्घटनाओं से बचने के लिए आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन।
आगामी कार्रवाई के निर्देश
प्रशासन सभी गैस एजेंसियों को इस संबंध में तत्काल कदम उठाने और की गई कार्रवाई से जिला कार्यालय को अवगत कराने के सख्त निर्देश दिए हैं। इस पत्र की प्रतिलिपि खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय के आयुक्त, भोपाल और ग्राहक दक्षता कल्याण फाउंडेशन, दिल्ली को भेजी।
जिला प्रशासन को उम्मीद है कि इस संगीतमय जागरूकता अभियान से आम नागरिकों में गैस सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ेगी और हादसों पर रोक लगाई जा सकेगी।
