ग्वालियर: यहां एक ऑटो चालक ने ईमानदारी की ऐसी मिसाल पेश की, जिसने न सिर्फ एक परेशान व्यक्ति की चिंता दूर कर दी, बल्कि समाज में भरोसे को भी मजबूत किया. दो लाख रुपये नकद और कीमती जेवरों से भरा बैग पाकर भी ऑटो चालक का इरादा नहीं डगमगाया और उसने बैग उसके असली मालिक तक सुरक्षित पहुंचा दिया.यह मामला ग्वालियर के झांसी रोड थाना क्षेत्र का है. देवेंद्र पवैया बाजार से खरीदारी करने के बाद झांसी रोड बस स्टैंड तक ऑटो में पहुंचे थे. जल्दबाजी में वह ऑटो से अपना बाकी सामान तो ले गए, लेकिन रुपयों और जेवरों से भरा एक बैग ऑटो में ही छूट गया.
यात्री को उतारने के बाद ऑटो चालक वहीं खड़ा होकर दूसरी सवारी का इंतजार कर रहा था. इसी दौरान जब उसकी नजर ऑटो की पिछली सीट पर पड़ी, तो वह चौंक गया. सीट पर एक बैग रखा हुआ था. चालक समझ गया कि यह उसी यात्री का है, जिसे वह अभी लेकर आया था. ऑटो चालक ने बैग खोलकर देखा तो उसके अंदर बड़ी रकम और कीमती गहने रखे थे. एक पल के लिए भी उसने गलत सोच को जगह नहीं दी.
उसने तुरंत बैग बंद किया और पहले आसपास यात्री को तलाशने की कोशिश की, लेकिन जब वह कहीं नजर नहीं आया तो चालक सीधे झांसी रोड थाने पहुंच गया. थाने पहुंचकर ऑटो चालक ने पूरी घटना पुलिस को बताई और बैग उनके हवाले कर दिया. इसके बाद पुलिस ने बैग में मौजूद जानकारी के आधार पर उसके मालिक की तलाश शुरू की. कुछ ही समय में देवेंद्र पवैया का पता लगा लिया गया और उन्हें थाने बुलाया गया और उनका सामान सुपुर्द कर दिया गया।
