जादू-टोना के शक में युवक की हत्या, 3 आरोपियों को दबोचा

इंदौर: राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में मिले अज्ञात युवक के अंधे कत्ल का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, जादू टोना के शक में हुए विवाद के बाद आरोपियों ने युवक के सिर पर ईंट मारकर उसकी हत्या कर दी थी.पुलिस उपायुक्त जोन 1 कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि शनिवार 11 अप्रैल को अहीरखेड़ी मल्टी के सामने खाली मैदान में 28 से 30 वर्षीय अज्ञात युवक की ईंट व पत्थरों के मारने से हत्या का मामला सामने आया था.

इस पर मर्ग और हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की गई. एसीपी निधि सक्सेना के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विकास शर्मा के नेतृत्व में टीम गठित की गई. जांच के दौरान घटनास्थल के पास मिले दो खराब मोबाइल फोन अहम सुराग बने. तकनीकी विश्लेषण से मृतक की पहचान गोलू उर्फ कृष्ण कुमार अहिरवार उम्र 28 साल निवासी मकरोनिया, सागर के रूप में हुई, जो इंदौर में मिस्त्री का काम करता था और छोटा बांगड़दा में परिवार के साथ रह रहा था.

हत्या से पहले चारों ने एक साथ बैठकर पी थी शराब
पुलिस ने जांच और मुखबिर सूचना के आधार पर विकास कोसे उम्र 28 साल, कृष्ण भिड़े उम्र 22 साल और भूरिया उर्फ भूरा उम्र 30 साल को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें आरोपियों ने हत्या करना कबूल किया. आरोपियों ने बताया कि घटना वाले दिन सभी ने अहीरखेड़ी क्षेत्र में बैठकर शराब पी. विकास कोसे को शक था कि गोलू अहिरवार ने उस पर जादू टोना किया है. शराब पीने के दौरान इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और गुस्से में तीनों ने मिलकर गोलू के सिर पर ईंट से वार कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और रिमांड पर लेकर आगे पूछताछ की जा रही है.

Next Post

धार्मिक, सामाजिक एवं जातिगत भावनाएं भड़काने वाले पोस्ट प्रतिबंधित, आदेश 10 अक्टूबर तक प्रभावशील

Tue Apr 14 , 2026
मुरैना: जिला दण्डाधिकारी लोकेश कुमार जांगिड ने मुरैना जिले की सम्पूर्ण राजस्व सीमा में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के अनुसार कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक, व्हाट्सएप, ट्वीटर, एसएमएस, […]

You May Like