
इंदौर। डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती 14 अप्रैल को श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ मनाई जा रही है। इस अवसर पर डॉ. अंबेडकर जन्मस्थली स्मारक में विशाल समागम आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर सहित अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में अनुयायी शामिल होंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
जयंती समारोह के लिए अनुयायियों का महू आगमन शुरू हो गया है। प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं का स्वागत मेहमानों की तरह किया जा रहा है। उनके ठहरने, भोजन और पेयजल की व्यापक एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं की गई हैं।
भोजन की विशेष व्यवस्था
जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं के लिए उत्कृष्ट भोजन व्यवस्था की गई है। गुजरात और महाराष्ट्र से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सोमवार शाम भोजन ग्रहण किया। भोजन में पूड़ी, मीठी बूंदी, केरी लौंजी, राम भाजी, मूंग दाल, चावल की नमकीन खिचड़ी और तली हुई मिर्च शामिल है।
कलेक्टर शिवम वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भोजन व्यवस्था समय से प्रारंभ की जाए। जिला आपूर्ति नियंत्रक एमएल मारू ने भोजनशाला का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
