
विंध्य की डायरी डॉ रवि तिवारी। सतना के प्रभारी मंत्री और प्रदेश केबिनेट के वरिष्ठ सदस्य कैलाश विजयवर्गीय ने भारतीय जनता पार्टी की स्थापना दिवस से प्रारम्भ हुए गाँव चलो,बस्ती चलो अभियान का शुभारंभ करते हुए कार्यकर्ताओं को खुलकर नसीहत दी.उन्होंने माना कि पार्टी का कार्यकर्ता कई बार विपक्ष के फैलाए गए नैरेटिव का शिकार हो जाता है. ऐसी स्थिति में हमेशा यह ध्यान रखना है कि हम सब देश के लिए काम करते हैं. पार्टी इसके बाद आती है. देश का नेतृत्व मजबूत हाथों में है. इसे हम सब को मिलकर और मजबूत करना है. उन्होंने सत्ता के साथ पैदा होने वाले विकारों से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि पार्टी की सेवा करने वाले को कभी किसी पद का गुमान नही होना चाहिए. पद आनी-जानी चीज है. पार्टी के हितों को संरक्षित करने का दायित्व सबके ऊपर है. पार्टी हल्के में प्रभारी मंत्री की दी गई यह नसीहत फिलहाल लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई हैं. लीक से हटकर व्यवहार करने वाले पहचान रखने वाले श्री विजयवर्गीय का कार्यकर्ताओं के बीच खुलकर संवाद नए पदाधिकारियों के लिए बड़ा संकेत माना जा रहा है.
सीएम से विधायक की बंद कमरे में चर्चा
भाजपा के 47 वें स्थापना दिवस पर त्योंथर से भाजपा विधायक सिद्धार्थ तिवारी ने मुख्यमंत्री निवास पर सीएम डा. मोहन यादव से सौजन्य भेंट की. बंद कमरे में हुई मुलाकात और चर्चा से राजनीतिक गलियारे में हलचल तेज हो गई है. हालाकि यह कोई पहली मुलाकात नही है इस तरह पहले भी मुलाकात होती रही है. मुलाकात में आगामी निगम-मंडल की नियुक्तियों को लेकर गंभीर चर्चा हुई. माना जा रहा है कि विधायक श्री तिवारी ने विंध्य क्षेत्र के सक्रिय कार्यकर्ताओं को इन महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी देने और क्षेत्र के विकास में निगमों की भागीदारी बढ़ाने पर अपना पक्ष रखा. सीएम और विधायक के बीच हुई मुलाकात को लेकर कई तरह के कयास लगाये जा रहे है और राजनीतिक गलियारे में तरह-तरह की चर्चाए है. उधर विधायक ने इसे एक सामान्य शिष्टाचार भेंट बताया है और कहा कि क्षेत्र में हुई ओलावृष्टि से हुए नुकसान को लेकर चर्चा की गई है. लेकिन जिस तरह से बंद कमरे में 20 मिनट तक गुफ्तगू हुई उससे यह कहा जा सकता है कि राजनीतिक नियुक्तियों में विंध्य को बहुत कुछ मिल सकता है.
परफॉर्मेंस सुधारने तीन माह का अल्टीमेटम
कांग्रेस पार्टी संगठन और पदाधिकारियों की सक्रियता को लेकर बेहद गंभीर है. पद पाने के बाद पार्टी के मंशानुसार सक्रिय होकर काम न करने वालों को बाहर का रास्ता दिखाने का काम शुरू कर दिया गया है. चार माह पूर्व निर्वाचित हुए यूथ कांग्रेस रीवा के अध्यक्ष अनूप सिंह चंदेल सहित प्रदेश महामंत्री द्वय प्रमोद पटेल व विनय पाण्डेय के पद को राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी ने होल्ड कर दिया है. साथ ही तीन माह का अल्टीमेटम दिया गया है कि संगठनात्मक गतिविधियों की मजबूती के लिये कार्य नही किया गया तो संगठन के मूलभावना अनुसार पदीय दायित्वों से मुक्त कर दिया जायेगा. इस आदेश के बाद यूथ कांग्रेस के पदाधिकारियों के कान खड़े हो गये है. पार्टी यदि ऐसे ही आदेश समय-समय पर जारी करती रही तो निश्चित रूप से आने वाले समय में युवक कांग्रेस सहित कांग्रेस के पदाधिकारी सक्रिय भूमिका पर नजर आएंगे. ऐसा लग रहा है कि आगामी आने वाले चुनावों को लेकर कांग्रेस अभी से संगठनात्मक ढ़ांचे को मैदानी स्तर पर मजबूती के साथ खड़ा करने के लिये रोड़मैप तैयार कर रही है.
किसानो पर ओलावृष्टि की मार
विंध्य के किसानो पर बेमौसम बारिश के साथ ओलावृष्टि की मार पड़ी है. प्रदेश भर में जहा अलग-अलग ओलावृष्टि हुई, वही विंध्य क्षेत्र भी अछूता नही रहा. जब फसलो को पानी चाहिए था तब बारिश नही हुई और जब फसल पक कर तैयार हुई तो ओलावृष्टि की मार पड़ी. मैहर से लेकर ऊर्जाधानी तक कई जगह बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि से किसानो की फसलो को भारी नुकसान हुआ है. दलहन, तिलहन समेत गेंहू और जौ की फसले खराब हुई है. लेकिन अभी तक सर्वे का काम शुरू नही किया गया है. कई जगह तेज ओलावृष्टि से किसानो की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है.
